कार में आए लुटेरों ने किराना व्यापारी से लूटे एक लाख
- डंडा से हमला कर घायल किया
अमर उजाला ब्यूरो
गुहला-चीका। सोमवार देर रात दुकान से घर लौट रहे एक किराना व्यापारी को घायल कर तीन अज्ञात लुटेरों ने एक लाख रुपये लूट लिए। किराना व्यापारी ने इस संबंध में चीका थाना में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने लुटेरों की तलाश आरंभ कर दी है।
छोटी मंडी में किराना की दुकान करने वाले संजीव कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि सोमवार शाम लगभग सवा नौ बजे वह दुकान बंद कर पिता के साथ स्कूटी से प्रोफेसर कॉलोनी में स्थित घर लौट रहा था। इसी दौरान पीएनबी के पास गली में एक कार ने उनका रास्ता रोक लिया। संजीव ने बताया कि मारुति कार से तीन व्यक्ति बाहर निकले और उस पर डंडे से हमला कर दिया। एक व्यक्ति ने उसके पिता प्रेम चंद को पकड़ लिया और तीसरे व्यक्ति ने स्कूटी की डिग्गी में रखी दिन भर के सेल की लगभग एक लाख रुपये व जरूरी कागज निकाल लिए। डंडा लगने से उसके बाजू पर चोट आई है व पिता प्रेम चंद भी घायल हो गए हैं। चीका पुलिस ने संजीव की शिकायत पर आईपीसी की धारा 392 के तहत मामला दर्ज की लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। चीका थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस शीघ्र ही लुटेरों को काबू कर लेगी।