कमल कुमार
कैथल। पासपोर्ट के लिए युवाओं को अब सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उच्चतर शिक्षा विभाग ने फैसला लिया है कि पासपोर्ट बनवाने की पूरी प्रक्रिया कॉलेज में होगी। जहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों के आवेदन फार्म तैयार करवाकर विभाग को भेज दिया जाएगा। जहां से पासपोर्ट बन कर विद्यार्थियों को मिल जाएंगे। उच्चतर शिक्षण संस्थानों में छात्रों को स्नातक की डिग्री के साथ ही पासपोर्ट भी बनाकर देने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए कॉलेज स्टाफ के सदस्य को अधिकारी को नियुक्त किया जाएगा।
विदेशी कॉलेजों में शिक्षा ग्रहण करने के लिए किया जाएगा जागरूक : इस फैसले का मुख्य उद्देश्य विदेशी कॉलेजों में विद्यार्थियों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए जागरूक किया जाएगा। विदेश के कौन कौन से कॉलेज हैं, इसमें आवेदन कैसे होगा, इसकी दाखिला प्रक्रिया क्या है। भारत के छात्र इसमें कैसे आवेदन कर सकते है। इसकी पूरी जानकारी विद्यार्थियों को विस्तार से दी जाएगी।
कॉलेजों में पासपोर्ट अधिकारी किए जाएंगे तैनात : युवाओं को विदेशों में नौकरी और शिक्षा के बारे में उन्हें हर जानकारी मिले इसके लिए कॉलेजों में बाकायदा कमेटी बनाई जाएगी। इस कमेटी में एक स्टाफ सदस्य को पासपोर्ट अधिकारी नियुक्त कर दिया जाएगा। इनकी जिम्मेदारी छात्रों के पास होने से पहले पासपोर्ट बनाने की प्रक्रिया पूरी करनी रहेगी। पासपोर्ट अधिकारी पासपोर्ट के लिए आवेदन पत्र भरने, नजदीकी पासपोर्ट कार्यालय पर अधिकारी से मिलने का समय तय करने और पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी कराने में छात्र को मदद करेंगे।
रोजगार में मिलेगी मदद : राजकीय कॉलेज के प्लेसमेंट सेल के संयोजक अनिल ललित ने बताया कि हमारे देश के अधिकतर कॉलेजों के विद्यार्थियों को विदेशी कॉलेजों और युनिवर्सिटी की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी नहीं है। उन्हें विदेशों में स्थित कॉलेज की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी हासिल हो इसी उद्देश्य से यह फैसला काफी सराहनीय है।
पासपोर्ट बनाना होगा अनिवार्य : कॉलेजों में अंतिम वर्ष के सभी छात्रों के पासपोर्ट बनाना अनिवार्य होगा। ये आदेश इस वर्ष अंतिम वर्ष की परीक्षा देने वाले छात्रों को पूरे करने होंगे। संस्थान के प्राचार्य की जिम्मेदारी होगी कि वे सभी छात्रों को पासपोर्ट बनाने की प्रक्रिया पूरी कराने की निगरानी रखेंगे। इस पर योजना के तहत कार्य करने के आदेश जारी किए गए हैं।
अब कॉलेज में ही पासपोर्ट बनवाने के लिए अधिकारी को किया जाएगा नियुक्त
उच्चतर शिक्षा विभाग ने सभी कॉलेजों में नियुक्ति का भेजा पत्र
फोटो कंबर-06,07