बारदाना गोदाम मेें लगी आग, जूट व प्लास्टिक के थैले जलकर राख
सोमवार देर रात को लगी आग पर मंगलवार तक नहीं हो पाई काबू
पूरी रात फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुझाती रहीं आग
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। सोमवार देर रात जींद रोड पर स्थित बारदाना गोदाम में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। आग लगने के कारण गोदाम में करोड़ों रुपये के जूट व प्लास्टिक के थैले जलकर राख हो गए। हरियाणा बारदाना गोदाम के मालिक विनोद ने बताया कि सोमवार को शाम छह बजे के बाद सभी कारीगर छुट्टी करने के बाद चले गए थे। रात के समय अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई उस समय यहां पर दो कर्मचारी तैनात थे। उन्होंने बताया कि सवा दो एकड़ में पड़ा करोड़ों रुपये के जूट व प्लास्टिक सहित मशीनें जल गई।
पूरी रात फायर की गाड़ियां बुझाती रही आग
बारदाना के गोदाम में आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड पूरी रात आग बुझाती रही। कैथल मुख्यालय में तैनात फायर ब्रिगेड की गाड़ियां कम पड़ गई। जिसके बाद पिहोवा व नरवाना से दो दो गाड़ियां मंगवाई गई।
मालिक विनोद बंसल ने कहा कि आग की सूचना के बाद रात भर आग बुझाने में लगे रहे। उसके परिजनों ने बताया कि आग के कारण 3 से 4 करोड़ रुपये का नुकसान की शंका जतायी जा रही है।