हर तीन माह में बढ़ रहे हैं पानी के बिल
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। हुडा सेक्टरों में पानी के बिलों को लेकर लोग हलकान हैं। करीब चार गुणा बढ़ गए पानी के बिलों के विरोध में चारों सेक्टरों से वेल्फेयर एसोसिएशनों के प्रधानों सहित गणमान्य लोग एसडीएम से मिले और बिलों की परेशानी के बारे में बताया।
एसडीएम को ज्ञापन देते हुए हुडा वासियों ने कहा कि हर तीन माह में पानी के बिल बढ़ रहे हैं। पहले ये 200 से 300 रुपये आते थे। इसके बाद बढ़कर आए 600 से 700। अब बढ़कर आ गए हैं 1200 रुपये तक। अगली बार 1800 से 2200 रुपये आया है तो कहीं अगली बार 4400 रुपये का पानी का बिल ना आ जाए। पहले ही एनहांसमेंट सहित अन्य नीतियों के कारण लोगों का हुडा के सेक्टरों में रहते हुए अब दम घुटने लगा है। इसके ऊपर अब पानी के बिलों से होश उड़ा दिए हैं। ऐसी क्या लागत बढ़ गई विभाग की कि पानी के बिल चार गुना कर दिए गए।
एसडीएम से मिलने के लिए आए सेक्टर 18 के वेल्फेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश नौच, 19 के वेल्फेयर एसोसिएशन अध्यक्ष हरेंद्र सिंह, 20 से वरुण मित्तल व 21से प्रधान अजय मित्तल के अलावा गणमान्य लोगों में पार्षद प्रतिनिधि भीमसैन अग्रवाल, अशोक गुप्ता, पूर्व पार्षद दरबारा सिंह नैन, सुरेश सिरोही, प्रमोद जैन, प्रयागराज बालू, डा. रमेश कुमार, सुभाष चंद, गुलाब सिंह, विजय शर्मा, जसवंत सिंह, चरणजीत सिंह, रोहन मित्तल, बृजमोहन, नरेंद्र कात्याल सहित अन्य ने कहा कि हुडा के पड़ोस की कालोनी में पानी का बिल 48 रुपये आता है। उनका इतना ज्यादा बिल, ऊपर से इसका भुगतान बैंक में करना पड़ता है। जहां 10 रुपये बैंक वाले भी लेते हैं। हुडा में सफाई नाम की चीज नहीं हैं। सड़कें टूटी हुई हैं। हर घर में डेंगू फैला है। विभाग कोई सुनवाई नहीं कर रहा। एनहांसमेंट के माध्यम से वसूली हो रही है। उन्होंने कहा कि जब रखरखाव का काम नगर परिषद को दे दिया गया है तो पानी की बिल संबंधी जिम्मेवारी भी नगर परिषद को दी जाए। हुडावासियों ने एसडीएम से इन समस्याओं के समाधान की मांग की।
एसडीएम कमलप्रीत कौर ने कहा कि वे उनकी शिकायतों पर गौर करेंगी और नियमानुसार इसका निवारण करवाएंगी।
200 से 300 रुपये से बढ़कर आज 1800 से 2200 तक पहुंच गए हैं बिल
अगली बार 1800 तो इससे अगली बार 4400 आएगा तो हम कहां से करेंगे गुजारा
हुडा में सुविधाएं ना के बराबर, एनहांसमेंट सहित पानी के बिलों के माध्यम से हो रहा है शोषण
बिलों के विरोध में भड़के चारों सेक्टरों के लोग, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
कहा-मैडम हुडा में रहना हो रहा है मुश्किल
फोटो संख्या-28