कैथल। रविवार 12 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव को सुरक्षित तरीके से करवाने के लिए पुलिस ने इस बार विशेष तैयारियां की हैं। जिले में अति संवेदनशील चुने गए 50 बूथों पर बूथ कैप्चरिंग रोकने के लिए इस बार सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जाएगी। साथ ही पंजाब बॉर्डर पर 4 नाकों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिसमें आने-जाने वालों पर बारीकी से नजर रखी जाएगी। एसपी वसीम अकरम ने मंगलवार को सभी पुलिस अधिकारियों, एसचएचओ व चौकी इंजार्च की बैठक लेकर चुनाव को शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न करवाने केेेे लिए बैठक ली। जिसमें एसपी ने बताया कि चुनाव में किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए विश्वास पर्ची जारी की गई है। जिस पर दो नंबर जारी किए गए हैं। इनके माध्यम से कोई भी व्यक्ति पुलिस को अपनी सूचना दे सकता है। जिसका नाम गुप्त रखा जाएगा।
पुलिस की 33 पार्टियां पट्रोलिंग के लिए लगाई:-एसपी ने बताया कि जिले में 383 लोकेशन पर कुल 795 बूथ है, जिनमें से 128 संवेदनशील तथा 148 अति संवेदनशील बूथ हैं, जिन पर पुलिस द्वारा समुचित सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पुलिस की 33 पट्रोलिंग पार्टियों पर बताया कि इन्हें इस प्रकार व्यवस्थित किया गया है, कि कहीं से किसी मामूली घटना की सूचना मिलते ही यह पार्टी चंद मिनटों में मौके पर पहुंच जाएगी।
2500 पुलिसकर्मी व तीन कंपनियां रहेंगी तैनात:-एसपी ने बताया कि चुनाव के दौरान लगभग 2500 सुरक्षाकर्मी जिले भर में तैनात रहेंगे, जिनमें करीब एक हजार जिला पुलिस कर्मचारी, 283 रंगरूटों सहित कुल 933 होमगार्ड कर्मचारी, 526 एचएपी कर्मचारी तथा 23 कंपनी आरएएफ बल के जवान तथा अधिकारी शामिल हैं। बूथों पर जिला पुलिस के कुशल कर्मचारियों को ही तैनात किया जा रहा है, जिन्हें अपनी समुचित ड्यूटी के बारे में व्यापक जानकारी दी गई है।
चुनाव सामग्री लेकर पोलिंग पार्टी के साथ बसों में रवाना किए जांएगे, जिनके साथ आवागमन दौरान सशस्त्र पुलिस बल मौजूद रहेगा। सभी पुलिस कर्मचारियों को निर्देश दिए गये है कि वे रात के समय अपना निर्धारित बूथ नहीं छोड़ेगें।
विश्वास पर्ची की जारी:-बैठक के दौरान एसपी ने विश्वास पर्ची के नाम से प्रकाशित करवाए गए करीब 5 हजार पंपलेट जारी किए हैं, जिन्हें जिला के सभी पुलिस नाकों के माध्यम से आमजन में वितरित करते हुए जनता को सजग किया जा रहा है कि वे किसी प्रकार के प्रलोभन या धमकी में न आकर निडर व भयमुक्त होकर से स्वेच्छापूर्वक मतदान करें। अगर उन्हें इस प्रकार की किसी कोई धमकी या प्रलोभन मिलता है, तो वे पुलिस कंट्रोल रुम के 01746-231950, 100, चुनाव कंट्रोल रुम के 01746-244223 नंबर पर सुचना दें, अथवा अपनी सूचना/ विडियो को व्हाटसएप नं. 74969-88590 पर साझा करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा। विशेष रूप से छपवाई गई चुनाव आचार संहिता संबधी सामान्य निर्देशिका के पंपलेट प्रदान किए गये है, जिसमें चुनाव के दौरान पुलिस ड्यूटी के बारे में संपूर्ण जानकारी को व्यापक रुप से समझाया गया है।
थाना प्रबंधकों का मोबाइल ना रहे स्विच ऑफ:- सभी थाना प्रबंधकों को आदेश दिए गये हैं कि वे अपने अधिकार क्षेत्र में वाहनों तथा चुनाव के दौरान बूथ परिसर के आसपास क्षेत्र पर निरंतर पैनी नजर रखें। वाहनों के अंदर लाठी, डंडे अथवा अन्य हथियार न हो, तथा बूथ परिसर के आसपास अनावश्यक रूप से कोई वाहन खड़ा नहीं रहना चाहिए।
एसपी द्वारा आम जनता को सचेत किया गया है कि वे अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों से सचेत रहें तथा इसी प्रकार थाना प्रबंधक भी किसी पोलिंग स्टेशन अथवा बूथ के बारे में किसी भ्रमित करने वाली सूचना के बारे में तुंरत क्षेत्र के मौजिज व्यक्यिों से मोबाईल फोन की मार्फत संपर्क स्थापित करते हुए सत्यता जानें।
दो दिन बाद रद्द हो जाएंगे शस्त्र लाईसेंस:- एसपी द्वारा मांगी गई जानकारी पर थाना प्रबंधकों ने बताया कि अधिकांश लाईसेंसी असलहरा धारकों के शस्त्र थानों में जमा हो चुके हैं। एसपी ने सभी थाना प्रबंधकों को आदेश दिए कि अभी तक असलहा न जमा करवाने वाले असलहा धारकों को नोटिस जारी करते हुए दो दिन का समय दें, उसके बाद भी शस्त्र जमा ना करवाने वाले शेष बचे व्यक्तियों पर कोई रियायत ना बरत कर लाईसेंस रद्द करवाने के लिए आगामी कार्रवाई अमल में लाएं।