एसडीएम ने नगर परिषद भवन का औचक निरीक्षण कर जांची व्यवस्थाएं
कई अधिकारी मिले सीट से गैर हाजिर, बाद में पता चला मीटिंग में थे
एसडीएम ने कहा-आगे भी जारी रहेंगे इस तरह के निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। मंगलवार को एसडीएम ईशा कांबोज ने दोपहर के समय नगर परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न कार्यों के लिए आए लोगों की लाइनों में भीड़ का कारण पूछा और अधिकारियों को निर्देश जारी किए कि लोगों के बैठने की व्यवस्था हो। साथ ही सभी सीटों पर कर्मचारी तैनात होने चाहिए। ताकि लोग परेशान ना हों।
एसडीएम दोपहर 12 बजे नगर परिषद पहुंची। जहां उन्होंने एक-एक कार्यालय में जाकर उपस्थिति की जांच की। यहां पर कार्यालय में न तो बिल्डिंग इंचार्ज मिले और न हीं एमई राजकुमार। हालांकि कार्यालयों में एक्सईन महेंद्र सहित सभी चारों जेई मौजूद रहे। इस दौरान एसडीएम ने जन्म मुत्यु प्रमाण पत्र व विवाह प्रमाण पत्र कार्यालय में दौरा कर यहां पर मौजूद कर्मचारी से प्रमाण पत्र बनाने की जानकारी हासिल की।
एसडीएम ईशा कांबोज ने कहा कि यह औचक निरीक्षण था। जिसमें नगर परिषद कार्यालय में कार्यप्रणाली जांची गई। कई कर्मचारी गैर हाजिर थे। जो डीसी की बैठक में गए हुए थे। इसके अलावा अकाउंटस जांचा गया। साथ ही लोगों से बातचीत की गई।
इस मौके पर चेयरपर्सन प्रतिनिधि सुरेश कश्यप, वाइस चेयरमैन डॉ. पवन थरेजा, पार्षद विरेंद्र उर्फ बिल्लू, संजय भौरिया सहित अन्य मौजूद रहे।
मार्केट कमेटी कार्यालय का निरीक्षण भी किया:-एसडीएम ने मार्केट कमेटी कार्यालय का भी निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि इस तरह के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।