स्कूल प्रबंधन ने किया बस के चालक, परिचालक व सहायक को निलंबित, परिजनों को बोला सॉरी
लिटिल फ्लॉवर स्कूल की एलकेजी की 4 साल की छात्रा के नाले में गिरने का मामला
मासूम से घर मिलने पहुंची स्कूल की प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल व अन्य कर्मचारी, परिजनों को दी कार्रवाई की जानकारी,
फोटो संख्या-31
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। लिटिल फ्लॉवर स्कूल की 4 साल की मासूम बच्ची के नाले में गिर जाने के हादसे के बाद वीरवार शाम स्कूल की प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल व मदर सिस्टर सहित दो कर्मचारी उसके घर पहुंचे और बच्ची का हाल-चाल जाना। साथ ही परिजनों को हादसे पर दुख प्रकट करते हुए सॉरी भी बोला। हालांकि पुलिस मेें दी शिकायत पर परिजनों के साथ कोई बातचीत नहीं हुई। लेकिन एसएचओ ने कहा कि स्कूल प्रबंधन को शुक्रवार को बुलाया गया है।
खुशी के पिता रोहित कुमार ने बताया कि बुधवार को उनकी बेटी के साथ हुए हादसे के बाद वीरवार शाम स्कूल की प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल, मदर सिस्टर व दो अन्य कर्मचारी उनके घर आए। उन्होंने बच्ची का हाल-चाल जाना और स्कूल प्रबंधन द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उस बस के चालक, परिचालक व सहायक को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही आगे की कार्रवाई भी की जा रही है। इसके अलावा उन्होंने इस हादसे पर दुख जताया और सॉरी भी फील किया है। उधर, पार्षद मोहन लाल शर्मा ने कहा कि बच्ची व उसके परिजनों को न्याय दिलवाया जाएगा।
दूसरे दिन भी हादसे को लेकर संपर्क करने पर स्कूल प्रबंधन से संपर्क नहीं हो पाया।
वहीं एसएचओ मनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। शुक्रवार को स्कूल प्रबंधन को बुलाया गया है।