व्यायामशाला में उगी मिली घास, डस्टबिन टूटे मिले
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के कार्यक्रम से पहले एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने शनिवार सुबह जवाहर पार्क का जायजा लिया तो पार्क की बदहाली सामने आ गई। यहां अप्पू घर सहित व्यायामशाला तक में अव्यवस्था और गंदगी मिली। कहीं डस्टबीन टूटे मिले तो व्यायामशाला में घास उगी हुई थी। यह हाल तब है जब प्रशासन स्वच्छता पखवाड़ा मना रहा है। इस पर नगर परिषद के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। पार्क में कचरा जलाए जाने की जानकारी मिलने पर एडीसी ने चेताया कि, शहर में कहीं भी कचरा जलता हुआ मिला तो जिम्मेदारों के खिलाफ केस दर्ज कराएंगे।
सरोवर में मरी हुई मिलीं मछलियां
एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह शनिवार सुबह अधिकारियों के अमले के साथ जवाहर पार्क पहुंचे। जहां उन्होंने पार्क के सरोवर में मृत पाई गईं मछलियों को लेकर अधिकारियों से सवाल जवाब किए। उन्होंने कहा कि इस तरह से सरोवर में मरी हुईं मछलियां बीमारी का कारण बन सकती हैं। इसीलिए इन्हें हटवाया जाए। वहीं पार्क में लगाए गए कीमती फव्वारे बदहाल थे। एडीसी ने इनका निरीक्षण किया तो इनमें झाड़ियां उगी मिलीं, अफसर सवालों पर बगलें झांकते रहें।
जलाया जा रहा था कचरा
पार्क में कई जगह डस्टबिन टूटे हुए मिले, जिस पर एडीसी ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने पार्क में कचरा जलाए जाने पर अधिकारियों से जवाब तलब किया। साथ ही कहा कि पार्क ही नहीं पूरे शहर में यदि कहीं कचरा जलाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ केस दर्ज भी करवाया जाएगा। क्योंकि यह एक तरह से अपराध है। इससे पर्यावरण प्रदूषित होता है। कचरे का नियमानुसार निस्तारण करें।
दीवारें टूटी हुईं, गंदगी मिलीं कई जगह
पार्क की कई जगह से दीवारें टूटी हुई पाईं तो कई जगह गंदगी के ढेर मिले। एडीसी ने इस पूरी व्यवस्था को दुरुस्त बनाए जाने के निर्देश जारी किए। एडीसी के साथ नगर परिषद के ईओ विक्रम सिंह, एमई राजकुमार सहित परिषद के कई अधिकारी थे।
15 सितंबर से 2 अक्तूबर तक मनाया जा रहा है स्वच्छता पखवाड़ा
एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि पार्क में काफी कमियां मिलीं हैं। जिस पर नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इन्हें दुरुस्त करें, ताकि पार्क में आने वाले लोगों को कोई असुविधा न हो। 15 सितंबर से 2 अक्तूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। जिसमें प्रतिदिन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस पखवाड़े में शहर के उन स्थानों पर ज्यादा सफाई की जाएगी, जहां गंदगी है। इसके अलावा ऐतिहासिक स्थलों भाई उदय सिंह के किले, शहीद स्मारक, जवाहर पार्क के अलावा ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व के स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलेगा।