सांसद सैनी के कार्यक्रम को रद्द करने का विरोध, कैंडल मार्च में निकाला
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गांव सेरहधा में सांसद राजकुमार सैनी के कार्यक्रम से पहले टेंट उखाड़े जाने एवं सांसद के कार्यक्रम को रद्द किए जाने के विरोध में शनिवार को लोकतंत्र सुरक्षा मंच के बैनर तले लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। साथ ही राज्यपाल के नाम नायब तहसीलदार सतप्रकाश शर्मा को ज्ञापन सौंपा, जिसमें सांसद को जेड प्लस सुरक्षा देने और सेरहधा गांव में हुए हंगामे में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई है।
शनिवार शाम छह बजे के बाद लोग जवाहर पार्क में एकत्रित हुए। यहां से प्रदर्शन करते हुए हाथों में मोमबत्ती लेकर करनाल रोड से होते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। यहां कैंडल मार्च की अध्यक्षता कर रहे लोकतंत्र सुरक्षा मंच के जिला प्रधान श्याम मांडी ने कहा कि सांसद सैनी गांव सेरहधा में जनसभा को संबोधित करने के लिए पहुंचने वाले थे। लेकिन आयोजन स्थल पर कुछ दंबगों ने टेंट उखाड़ दिए। इसके बाद जब यहां पर सांसद आने के लिए कहते हैं तो उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। आरोप लगाया कि, सांसद राजकुमार सैनी की जनसभा को रोकने के लिए ही प्रशासन ने धारा 144 लगाया। यह घटना निंदनीय है। कार्यकर्ता पूनम सहोता ने कहा कि सरकार कार्यकर्ता की मेहनत और उनके कार्य से बनती है। इसके बाद सदस्यों ने राज्यपाल के नाम नायब तहसीलदार सतप्रकाश शर्मा को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने से पहले गांव सेरहधा निवासी राजेश कश्यप ने कार्यकर्ताओं और अधिकारियों को ज्ञापन पढ़क़र सुनाया। कार्यक्रम में राजेश कश्यप सेरहधा, राजीव राणा, लोकतंत्र सुरक्षा मंच के जिला संयोजक श्याम लाल, मांडी हरिचंद जांगड़ा, बुधराम जांगड़ा, पूनम सहोता, पुष्पा पठानिया, सीमा शर्मा, जिला सैनी सभा अध्यक्ष धर्मबीर सैनी, पार्षद कुलदीप सैनी, कमल सैनी, मांगे राम रेहडिय़ा, तरसेम सजूमा, संजीव सहोता, सीमा शर्मा, शमशेर सैनी, अनिल सैनी, रामनाथ सैनी, दरबारा डोहर, संदीप सैनी सीवन, रक्षवेंद्र जंगम गुहला, देव राणा पाडला, शंकर राणा, सोनू भार्गव, बंटी सैनी, लीलू सैनी आदि उपस्थित थे।