संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पिछले तीन महीनों के दौरान कुल 11 शव मिले हैं। इनमें से एक बाबा की पहचान नहीं हो सकी है तथा तीन अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार रेलवे जीआरपी पुलिस की ओर से शहीद भगत सिंह सोसायटी कैथल और जन सेवा दल करनाल ने करवाया। रेलवे और पुलिस के अनुसार 11 में से 8 मौतें रेलवे हादसों में हुईं।
कैथल रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 15 मेल और पैसेंजर गाड़ियों का आवागमन होता है। इसके अतिरिक्त गीता जयंती पर्व को देखते हुए रेलवे विभाग ने स्पेशल ट्रेन भी चलाई है। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन और जीआरपी द्वारा रात्रिकालीन गश्त तथा ट्रेनों में सुरक्षा प्रबंध बढ़ाए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अशांति या अप्रिय घटना को रोका जा सके। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों की नियमित चेकिंग की जा रही है। स्टेशन क्षेत्र में शराबियों, नशेड़ियों, भिखारियों और किसी भी उपद्रवी तत्व के प्रवेश पर सख्त रोक लगाई गई है। नया रेलवे स्टेशन कैथल सहित मुख्य स्टेशन पर जिला पुलिस की ओर से भी रात के समय गश्त और निगरानी की जाती है।
अधिकारियों के अनुसार पिछले तीन महीनों में चोरी की घटनाओं पर लगभग पूरी तरह से अंकुश लगाया गया है। पहले प्लेटफॉर्मों पर भिखारियों की वजह से भीड़ और गंदगी की समस्या रहती थी, लेकिन अब इसमें काफी कमी आई है। हर महीने मिलने वाले औसतन पांच-छह अज्ञात शवों की संख्या में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जिससे रेलवे और जीआरपी को राहत मिली है।