जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस में कविता जैन करेंगी ध्वजारोहण
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। पुलिस लाइन मैदान में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले जिलास्तरीय समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन राष्ट्रीय ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी लेंगी। इस मौके पर विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं को प्रदर्शित करती झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। डीसी धर्मबीर सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह के लिए 24 जनवरी को निर्धारित समय पर फुल ड्रेस अंतिम पूर्वाभ्यास आयोजित होगा। इससे पूर्व 21 व 22 जनवरी को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक पुलिस लाइन मैदान में परेड व मास पीटी शो का अभ्यास किया जाएगा। गणतंत्र दिवस समारोह के निर्धारित कार्यक्रमानुसार मुख्यातिथि द्वारा 26 जनवरी को सुबह 10 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा तथा परेड में शामिल टुकड़ियों की सलामी भी ली जाएगी।