भारी शोरगुल के बीच नगर पालिका की में 36 में से 25 प्रस्ताव पास
हाथापाई तक पहुंची नौबत, एसडीएम ने आकर किया बीच बचाव
फोटो संख्या-42
अमर उजाला ब्यूरो
गुहला-चीका। नगर पालिका चीका की बैठक में मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। हालांकि अध्यक्षा अमनदीप शर्मा द्वारा जारी एजेंडे के 36 में से 25 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हो गए। लेकिन मीटिंग में अनेक मौके ऐसे आए जब दोनों पक्षों के पार्षद तू-तू मैं-मैं करते हुए एक दूसरे के सामने आ गए और स्थिति हाथापाई तक पहुंचते-पहुंचते बची। विपक्षी पार्षद मांग कर रहे थे अध्यक्ष विकास कार्यों के लिए एक खरीद कमेटी का गठन करे, जिसमें विपक्षी पार्षदों को पूरा-पूरा प्रतिनिधित्व दिया जाए। सत्ता पक्ष इस बात पर सहमत नहीं हुआ और कहा कि होने वाले कार्यों में अड़ंगे खड़े करने के लिए विपक्ष यह मांग कर रहा इसलिए इसे नहीं माना जा सकता। बैठक खत्म होते-होते तकरार बहुत ज्यादा बढ़ गई। एसडीएम गुहला पालिका आए और उन्होंने स्थिति को संभाला।
बदली परिस्थितियों में हुई बैठक : नगर पालिका के उपाध्यक्ष पद पर विपक्षी पार्षद रणजीत कौर औलख की ताजपोशी के बाद हुई पहली आम बैठक में हंगामा होना पहले ही तय माना जा रहा था। विपक्ष एजेंडे पर पूरी तैयारी के साथ बैठक में आया था। सत्ता पक्ष के पार्षद बलकार सिंह बल्लू ने कहा कि वार्ड 2, वार्ड 13 व वार्ड 17 में मिनी हॉल बनाने का प्रस्ताव था। लेकिन विपक्ष ने अपनी संख्या बल से वार्ड 2 में तो हॉल बनाने पर सहमति दे दी। लेकिन वार्ड 13 व 17 के हॉल के प्रस्ताव को बिना किसी कारण से निरस्त करवा दिया। बल्लू ने कहा कि वे इस बात को लेकर जनता के बीच जाएंगे और विपक्षी पार्षदों व उनके आका की पोल खोलेंगे।
बागी पार्षदों ने संभाली हल्ले की कमान : विपक्ष की ओर से जो पार्षद हंगामे की कमान संभाले हुए थे वे सभी पहले अमनदीप शर्मा के ही समर्थक थे। वार्ड 1 के पार्षद राजेश सीड़ा, वार्ड 8 के पार्षद पवन शर्मा तथा वार्ड 9 के पार्षद राजेश ठाकुर ने अमनदीप शर्मा को चेयरपर्सन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। कुछ निजी कारणों से उक्त तीनों पार्षदों ने कुछ अरसा पहले आस्था बदलकर विधायक गुट का दामन थाम लिया था।
मनमर्जी नहीं चलने देंगे : विपक्ष
विपक्षी पार्षद राजेश सीड़ा व पवन शर्मा ने कहा कि 35 प्रस्तावों पर तो चर्चा हो चुकी थी मगर जब 36वां प्रस्ताव विकास कार्य प्रधान की मर्जी से आया तो विपक्ष की भवें तन गई। राजेश सीड़ा ने कहा कि हमने मीटिंग में मांग की कि ऐसा कोई भी प्रस्ताव पास नहीं होने दिया जाएगा जो स्पष्ट न होकर गोल मोल हो। पवन शर्मा ने कहा कि हमने मांग की कि प्रधान एक-एक प्रस्ताव रखे। सही लगा तो सहमति देंगे वरना नहीं। इसी बात पर अध्यक्ष अमनदीप शर्मा भड़क गईं और मीटिंग समाप्त करने की घोषणा कर दी।
विधायक बाजीगर के इशारे पर हुआ हल्ल- गुल्ला : चेयरपर्सन
चेयरपर्सन अमनदीप शर्मा ने कहा कि विधायक कुलवंत बाजीगर नगर पालिका में अनेक मौकों पर हुई अपनी हार को भूल नहीं पा रहे। इसलिए हर मीटिंग की तरह इस बार भी उन्होंने अपने समर्थक पार्षदों को हंगामे के लिए तैयार करके भेजा था। शर्मा ने कहा कि एजेंडा पूरे शहर के विकास के लिए था। विपक्ष ने आज फिर दिखा दिया कि उनके लिए राजनीति प्रमुख है। शहर के विकास से उनका कोई लेना देना नहीं। चेयरपर्सन ने कहा कि उन्होंने तमाम पार्षदों से अपने-अपने वार्डों के लिए होने वाले विकास कार्यों की लिस्टें मांगीं। लेकिन उन्होंने लिस्टें देने की बजाय शोर मचाना शुरू कर दिया।
अध्यक्ष ने लिस्ट लेने से किया इनकार : दूसरी ओर विपक्षी पार्षद राजेश सीड़ा ने कहा कि सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड में होने वाले कार्यों की लिस्टें बनाकर आए थे। लेकिन अध्यक्ष ने लिस्टें लेने से इनकार दिया। यही वजह थी कि विपक्ष को गुस्सा आ गया और विरोध शुरू हो गया।
वीडियो हुआ वायरल : बैठक के बाद एक वीडियो भी वायरल हुआ। जिसमें बैठक के बाद एक अधिकारी कक्ष में एक पार्षद व नगर परिषद चेयरपर्सन अमनदीप कौर के पति राजेश पिंटू के बीच तीखी नोक-झोंक होती हुई दिख रही है। पिंटू भाईचारा बनाने की बात कहते हुए सने जा रहे हैं। बाद में एक अधिकारी बीच-बचाव करते भी नजर आ रहे हैं।