छात्र संघ चुनाव -सभी कॉलेजों में शुरू हुई नामांकन भरने की प्रक्रिया
विद्यार्थियों ने दिखाई रुचि, सभी कॉलेजों के बाहर रहा पुलिस का कड़ा पहरा
जिले भर में 10 विद्यार्थियों ने किया 194 सीआर के लिए नामांकन
फोटो नंबर-05 व 06 व 27
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। शुक्रवार को छात्र संघ चुनाव के लिए कॉलेजो में भारी पुलिस सुरक्षा के बीच नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। केवल आरकेएसडी कॉलेज के बाहर एसएफआई व इनसो द्वारा प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा जिले भर में कॉलेजों में नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई। जिले के 10 में 194 विद्यार्थियों ने सीआर के लिए नामांकन पत्र भरे। शनिवार को इन नामांकनों की जांच होगी और रविवार तक नाम वापिस लिए जा सकेंगे।
शुक्रवार सुबह से ही कॉलेजों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने बेरिकेट्स लगाकर यहां चुनावी तैयारियों भी शुरू कर दी हैं। अप्रत्यक्ष रूप से कॉलेजो में हर कक्षा से रिप्रेजेंटेटिव चुने जाने हैं, लेकिन आरकेएसडी, आइजी व राजकीय कॉलेज में कई कक्षाएं ऐसी रहीं, जिनमें सीआर के लिए एक भी आवेदन नहीं आया है। नामांकन, दावे एवं आपत्ति के बाद फाइनल लिस्ट में नाम आने वाले सीआर ही चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे। सीआर मिलकर डिपार्टमेंट रिप्रेजेंटेटिव को चुनेंगे। इसके बाद डीआर ही प्रधान, उपप्रधान, सचिव व सह सचिव सहित कॉलेज की नौ सदस्यीय एग्जीक्यूटिव बॉडी का चुनाव करेंगे।
कॉलेजों में 90 नामांकन-शहर के आरकेएसडी कॉलेज के विद्यार्थियों ने सीआर के लिए सबसे ज्यादा 90 नामांकन जमा करवाए। इनमें से 90 प्रतिशत से ज्यादा नामांकन लडक़ों के रहे, जबकि लड़कियों की संख्या मात्र आठ रहीं। वहीं डॉ. बीआर आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में छात्र व छात्राओं ने मात्र 17 आवेदन किए, जिसमें 15 नामांकन विभिन्न कक्षाओं के छात्रों और दो नामांकन छात्राओं के रहे। दोनों कॉलेजों में किसी पर आपत्ति नहीं आई।
आइजी कॉलेज की छात्राओं ने भरे 33 नामांकन:-आइजी कॉलेज में चुनाव प्रक्रिया के पहले दिन विभिन्न कक्षाओं के 33 नामांकन पत्र स्वीकार किए गए। इनमें से आठ नामांकन पत्र त्रुटिपूर्ण होने के कारण अस्वीकार कर दिए गए। यही छात्राएं अलग-अलग कक्षाओं से सीआर के तौर पर चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेंगी। इसके बाद डीआर को चुना जाएगा।
पुलिस बल रहा तैनात, बिना आइ कार्ड नहीं मिला प्रवेश:-चुनाव को लेकर जहां विद्यार्थियों में उत्साह दिखाई दिया, वहीं पुलिस प्रशासन भी प्रक्रिया को लेकर चौकस रहा। सुरक्षा के लिए कालेजों में पुख्ता प्रबंध किए गए। अनहोनी घटना के अंदेशे से सभी कॉलेजों के बाहर पुलिस की टीमें तैनात रही। छात्र-छात्राओं की बिना आई कार्ड के कॉलेज में प्रवेश नहीं दिया गया। मुख्य गेटों पर कालेज प्राध्यापकों की भी ड्यूटियां लगाई गई।
ईश्वर सिंह कन्या कालेज में 31 व डीएवी कालेज में 2 नामांकन आए
पूंडरी। कालेजों में छात्र संघ के चुनाव के नामांकन भरने के पहले दिन चौधरी ईश्वर सिंह कालेज पूंडरी में 20 सीआर के लिए 32 नामांकन भरे गये। जिनमें से एक फार्म जांच के दौरान रद्द कर दिया गया। इसी प्रकार डीएवी कालेज में 6 सीआर पदों के लिए तीन लड़कियों ने ही नामांकन दाखिल किये थे, जिनमें से एक लड़की की हाजिरी कम होने की वजह से उसका फार्म रद्द कर दिया गया। चौधरी ईश्वर सिंह कालेज की 12 कक्षा बीएससी कंप्यूटर साइंस प्रथम, बीएससी नोन मेडिकल की तीनों कक्षाओं, बीसीए की तीनों कक्षाओं, एमए इंग्लिश व एमए हिस्ट्री की दोनों कक्षाओं के लिए एक-एक प्रत्याशी द्वारा ही नामांकन भरा गया और इनका चुना जाना तय है। बीए प्रथम के लिए 3, बीए द्वितीय के लिए 3 व बीए फाइनल के लिए 4, बीकाम प्रथम के लिए 2, द्वितीय के लिए 3 व फाइनल के लिए 3, एम कोम प्रथम के लिए 2 नामांकन दाखिल किये गये। एम कोम प्रथम में 2, एम कोम फाइनल व बीएससी कंप्यूटर सांइस फाइनल वर्ष में कोई फार्म ना होने की वजह से जिस छात्रा के सबसे अधिक अंक प्रतिशत होंगे उसका सीआर चुना जायेगा।
10 कक्षा प्रतिनिधियों के नामांकन आए
ढांड। छात्र संघ चुनाव की नामाकंन प्रकिया के तहत बाबू अंनत राम जनता कालेज में 10 कक्षा प्रतिनिधियों के नामांकन आए है। जिनका चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। कालेज प्रिंसिपल डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि प्रधान, उपप्रधान व सचिव पद के लिए 17 अक्तूबर को चुनाव होगा। जिसमें चुनाव अधिकारी कॉलेज के प्रिंसिपल होंगे।
आरकेएसडी के बाहर इनसो व एसएफआई का प्रदर्शन
पुलिस बल के चलते नहीं लगा पाए कॉलेज पर ताला
कई युवा गिरफ्तार, बाद में रिहा किया
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। 17 अक्टूबर के छात्र संघ के चुनावों को प्रत्यक्ष रुप से करवाने की मांग पर शुक्रवार को एसएफआई व इनसो के कार्यकर्ताओं ने चुनाव का बहिष्कार करते हुए आरकेएसडी कॉलेज के गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों ही संगठनों के पदाधिकारियों की ओर से कॉलेज के गेट पर ताला जडने का कार्यक्रम था। लेकिन सुबह से ही पुलिस प्रशासन की ओर से शहर के सभी कॉलजों के आगे नाकबंदी कर ली गई। जिससे यहां पर प्रदर्शन करने के लिए पहुंचे छात्र नेता गेट को पर ताला लगाने में सफल नहीं हो पाए। इस दौरान कड़ी सुऱक्षा के मद्देनजर डीएसपी रामकुमार प्रदर्शन में मौके पर मौजूद रहे। छात्र नेताओं के इस विरोध प्रदर्शन पर पुलिस ने करीब 30 छात्र नेताओं को गिरफ़्तार करने के तुंरत बाद छोड़ भी दिया। प्रदर्शन की अध्यक्षता इनसो के प्रदेशाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष राजू ढुल पाई व एसएफआई के जिलाध्यक्ष सुरेश ने की। राजू पाई ने कहा कि यदि सरकार ने अप्रत्यक्ष चुनाव का फैसला वापिस नहीं लिया तो इनसो किसी भी कालेज में 17 को चुनाव नहीं होने देगी। पाई ने कहा कि सरकार पुलिस का डर दिखाकर उनके अधिकारों को दबाना चाहती है,जो बेहद शर्मनाक है। एसएफआई के जिला सचिव गोलू बात्ता ने कहा कि प्रदेश का छात्र समुदाय प्रत्यक्ष रूप से अपने प्रतिनिधि चुनने व अपनी समस्याओं पर बात रखने का अधिकार चाहता है। जबकि प्रदेश की भाजपा सरकार अप्रत्यक्ष चुनाव का ढोंग करके अपने चहेते छात्र संगठन एबीवीपी को शिक्षण संस्थानों में स्थापित करना चाहती है। इस मौके पर योगेश, मनीष, प्रवीण, हैप्पी, गुरदास, गुरदीप, श्वेता, रजनी, सविता, राजबाला आदि शामिल रहे। वहीं इस दौरान इनसों की ओर से सुनिल नरड़, निक्का पेगा, राजेश बड़सीकरी, दीपा सांघन, भूप्पी पेगा, अजय, विवेक, शक्ति पाई, सुमित रमाणा, संदीप सहित अन्य मौजूद रहे।
डीसी ने नियुक्त किए ड्यूटी मेजिस्ट्रेट: जिलाधीश धर्मवीर सिंह ने 17 अक्टूबर को होने वाले छात्र संघ चुनावों को शांति पूर्वक एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए 12 अक्टूबर से 17 अक्टूबर चुनाव परिणाम घोषित होने तक एरिया इंचार्ज एवं ड्यूटी मेजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। एसडीएमकमलप्रीत कौर को कैथल शहर में स्थित 4 महाविद्यालयों आरकेएसडी कालेज, जाट कालेज, आईजी महिला महाविद्यालय तथा डा. भीम राव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय व आसपास के क्षेत्र, कलायत के एसडीएम को 5 महाविद्यालयों पूंडरी स्थित डीएवी महाविद्यालय, सेरधा स्थित अमरनाथ भगत जयराम कन्या महाविद्यालय, फतेहपुर स्थित चौधरी ईश्वर सिंह कन्या महाविद्यालय, कौल स्थित बाबू अनंत राम जनता महाविद्यालय व ढांड स्थित चौधरी ईश्वर सिंह कन्या महाविद्यालय व आसपास के क्षेत्र एवं गुहला के एसडीएम संजय कुमार को चीका स्थित डीएवी कॉलेज व आसपास के एरिया हेतू एरिया इंचार्ज नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त जिलाधीश द्वारा 10 महाविद्यालयों में आयोजित होने वाले छात्र संघ चुनावों के लिए 10 ड्यूटी मेजिस्ट्रेट व एक आरक्षित ड्यूटी मेजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इसके अलावा तहसीलदार व नायब तहसीलदारों को संबंधित क्षेत्र में ड्यूटी मेजिस्ट्रेट लगाया गया है।