सुरेंद्र पहलवान की हत्या के आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया
पूछताछ जारी, नकदी के लेन-देन को लेकर गोली मारी की गई थी अकादमी संचालक की हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। अकादमी संचालक सुरेंद्र पहलवान की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया। उससे पूछताछ जारी है।
विदित है कि तीन दिन पूर्व बुधवार 26 सितंबर को शौचालय के टैंक में अकादमी संचालक सुरेंद्र पहलवान का शव मिलने के बाद मृतक के भाई की शिकायत पर थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया था। जांच दौरान खुलासा हुआ कि पहलवान की गोली मारकर हत्या करने के बाद शव को खुर्दबुर्द करने के लिए कुंई में डाल दिया गया था। व्यापक जांच के लिए आरोपी का 29 सितंबर को न्यायालय से एक अक्टूबर तक 2 दिन के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया गया, जिससे पूछताछ की जा रही है।
एसपी आस्था मोदी ने बताया कि थाना प्रबंधक कलायत सब इंस्पेक्टर रामकिशन की अगुवाई में एसआई शिवकुमार, हेडकांस्टेबल नरेश कुमार, एचसी रणदीप व एसपीओ शिवकुमार की टीम द्वारा नरवाना में दबिश देते हुए आरोपी जितेंद्र निवासी बडनपुर हाल निवासी नरवाना को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी न कुबूला, 40 लाख के कर्ज के कारण की हत्या : आरोपी ने पूछताछ में कुबूल किया कि मामा के लड़के सुरेंद्र के साथ मिलकर चलाई जा रही अकादमी के लिए 40 लाख रुपये की राशि का कर्ज था। जिसके लिए सुरेंद्र उसकी मदद नहीं कर रहा था। जिस कारण उसने सुरेंद्र की हत्या की साजिश रची और एक लाख 10 हजार रुपये में दो पिस्टल व काफी जिंदा कारतूस खरीदे। 24 सितंबर की सुबह करीब 3 बजे आरोपी द्वारा अकादमी में ग्राउंड की तरफ लगे सीसीटीवी कैमरे के तार काटने की कोशिश की गई, जो कुछ कट गई, कुछ रह गई। क्योंकि सायरन बजने के कारण वह घबरा कर भाग गया था। कुछ देर बाहर घूमने के बाद वह अकादमी में आया और वहां मौजूद बच्चों को सुबह करीब 4 बजे 14 किलोमीटर की क्रास कंट्री रेस के लिए बाहर भेज दिया। इसके बाद करीब साढ़े चार बजे कार्यालय के कमरे में बेफिक्र सोए हुए सुरेंद्र के सिर में पीछे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। शव को काफी मात्रा में पानी से भरे टैंक में डाल दिया व उसको ढक दिया।