निजी स्कूलों की मनमानी के विरोध में अभिभावकों ने निकाला कैंडल मार्च
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। निजी स्कूलों द्वारा फीस बढ़ोतरी व अभिभावकों के साथ की जाने वाली मनमानी के विरोध में रविवार को कैंडल मार्च निकाल रोष प्रदर्शन किया। इस मौके पर प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों ने सरकार से शिक्षा में हो रहे व्यवसायिकरण को रोकने की मांग की। इस कैंडल मार्च प्रदर्शन की अध्यक्षता अभिभावक एकता संघ के प्रतिनिधि अशोक नांदल ने की। यह कैंडल मार्च शहीद स्मारक शुरु होकर पार्क रोड होते हुए पिहोवा चौक पर संपन्न हुआ। नांदल ने कहा कि निजी स्कूलों द्वारा बच्चों का वार्षिक शुल्क अधिक लिया जाता है। जिससे अभिभावकों को परेशानी होती है। निजी स्कूलों की मनमानी से शिक्षा को लगातार व्यापार बनाया जा रहा है। लेकिन सरकार ने इस व्यापार को रोकने में अभी तक कोई कदम नहीं उठाया है। जिससे अभिभावकों में काफी रोष है। सरकार को शिक्षा के व्यवसायिकरण पर रोक के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। इस मौके पर नितिन अग्रवाल, रोहित, महेश, सीमा, गीता, पूनम, ममता, राहुल, हेमराज एडवोकेट सहित अन्य मौजूद रहे।
फोटो नंबर-12