शीत लहर ने कंपकंपाया, अधिकतम तापमान 7 डिग्री लुढ़का
दोपहिया वाहन चालकों को हुई परेशानियां
दोपहर बाद निकले सूर्यदेव
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। कड़ाके की ठंड से वीरवार को लोग बेहाल रहे। दोपहर तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो पाए। करीब दो बजे धूप निकली। एक ही दिन में अधिकतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस जा गिरा। जिससे दिन में विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को परेशानियां हुईं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कई दिनों तक तापमान में गिरावट जारी रहेगी। बुधवार को जहां अधिकतम तापमान 19 सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 9 सेल्सियस था। वहीं वीरवार को अधिकतम तापमान गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस रह गया और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। सर्दी अधिक होने के कारण लोग घरों के अंदर ही दुबके रहे। सुबह स्कूल जाने में विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विशेषज्ञ बलबीर सिंह ने बताया कि अगले कई दिनों तक सर्दी अधिक होने की संभावना है। मौसम में निरंतर गिरावट दर्ज की जाएगी। बुधवार की अपेक्षा वीरवार को मौसम में अधिक गिरावट आई है। जिसके कारण ठंडी हवाओं के कारण पूरा दिन सर्दी रही। उन्होंने बताया कि अभी कुछ दिनों तक बरसात के आसार नहीं है। लेकिन तापमान में गिरावट जारी रहेगी। गेहूं की फसल के लिए यह तापमान बिल्कुल सही है। लेकिन कुछ सब्जियों की फसलों में इसका नुकसान हो सकता है। दूसरी ओर ठंड के कारण सुबह स्कूल जाने में बच्चों को काफी परेशानियां हुईं।