संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सरकार ने जल एवं सीवरेज उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए बकाया बिलों पर लगाए गए ब्याज, जुर्माने और सरचार्ज में शत-प्रतिशत छूट की विशेष योजना लागू की है। इस योजना का क्रियान्वयन जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, मंडल नंबर एक कैथल द्वारा किया जा रहा है।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 31 मई तक अपने लंबित बिलों का भुगतान कर इस अवसर का लाभ उठाएँ। योजना के तहत 31 दिसंबर 2025 तक की अवधि के बकाया जल एवं सीवरेज बिलों पर लगे ब्याज एवं सरचार्ज को पूरी तरह माफ किया जाएगा, बशर्ते उपभोक्ता निर्धारित समय सीमा के भीतर मूल बकाया राशि जमा कर दें।
नोडल अधिकारी एवं कार्यकारी अभियंता अभिषेक शेर ने बताया कि यह योजना विशेष रूप से मीटरयुक्त कनेक्शन धारकों के लिए लागू है। जिन उपभोक्ताओं के पास अभी बिना मीटर कनेक्शन हैं और वे योजना का लाभ लेना चाहते हैं, उन्हें पहले मीटरयुक्त कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन को राहत देना है, साथ ही विभाग की प्राथमिकता सभी उपभोक्ताओं तक बेहतर पेयजल और सीवरेज सेवाएँ उपलब्ध कराना है।
1 जून के बाद होगी सख्त कार्रवाई : अभिषेक शेर ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ता अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपने बकाया बिलों का भुगतान करें। उन्होंने बताया कि 1 जून 2026 से
विभाग द्वारा बकायादार उपभोक्ताओं के
विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जल कनेक्शन काटना, बकाया वसूली प्रक्रिया शुरू करना और अन्य विभागीय कार्रवाई शामिल होगी।
जिला सलाहकार (वासो) जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग कैथल दीपक कुमार ने कहा कि यह योजना आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी है। इससे उपभोक्ता पुराने बकाया पर लगने वाले अतिरिक्त आर्थिक भार से बच सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिचितों और पड़ोसियों को भी इस योजना की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।