जिला स्वास्थ्य विभाग को दस नए वेंटिलेटर मिले हैं। इससे कोविड के मरीजों के इलाज में काफी मदद मिलेगी। दस में से पांच वेंटिलेटर कैथल जिला अस्पताल और पांच गुहला अस्पताल में लगाए जाएंगे। जिला अस्पताल में पहले से ही पांच वेंटिलेटर उपलब्ध हैं। अब जिले के अस्पताल में 15 वेंटिलेटर उपलब्ध होने से कोरोना के इलाज के दौरान टूट रही मरीजों की सांसों को जोड़ने रखने में काफी मदद मिलेगी।
जानकारी के अनुसार कोरोना के मौजूदा हमले में लोगों की ऑक्सीजन व वेंटिलेटर जैसी सुविधाओं की कमी से ज्यादा जान जा रही है। ऐसे में इस बार पूरे देश में वेंटिलेटर व ऑक्सीजन की डिमांड बढ़ी है। जिला अस्पताल में पिछले साल मंजूर हुए पांच वेंटिलेटर मौजूदा कोरोना लहर के बीच ही संचालित किए गए हैं। अब दस नए वेंटिलेटर मिले हैं।
सीएमओ डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि जिले में पांच वेंटिलेटर पहले उपलब्ध थे। जिन्हें जिला अस्पताल में लगाया गया है। अब दस नए वेंटिलेटर मिले हैं। इनमें से पांच को जिला अस्पताल में व पांच गुहला अस्पताल में लगाए जा रहे हैं। एक दो दिन में इन्हें लगाकर चालू कर दिया जाएगा। जिससे कोरोना के उन मरीजों के इलाज में मदद मिलेगी, जिनकी हालत ज्यादा गंभीर है।