संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले से रोडवेज बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। हरियाणा रोडवेज विभाग ने सोमवार को पहली बार कैथल डिपो में 10 नई एसी बसें शामिल की हैं। सोमवार दोपहर बाद ये बसें डिपो में पहुंचीं। अब इनका बीमा करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसके बाद अगले सप्ताह से ये विभिन्न रूटों पर चलना शुरू हो जाएंगी।
रोडवेज जागृति मंच के डिपो प्रधान संदीप खटकड़ ने बताया कि ये एसी बसें अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित हैं। प्रत्येक सीट पर चार्जिंग प्वाइंट की सुविधा दी गई है। इनकी बॉडी का निर्माण रेवाड़ी के रूहेड़ा स्थित प्लांट में हुआ है। सभी बसें आइसर कंपनी की हैं, जो यात्रियों को सस्ती, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव देंगी।
वोल्वो के बाद पहली बार नियमित एसी बसें ः यह पहली बार होगा जब वोल्वो बसों के बाद रोडवेज के बेड़े में नियमित रूप से एसी बसें शामिल की जा रही हैं। ये बसें लंबे रूटों जैसे हिसार-चंडीगढ़ और दिल्ली मार्ग पर चलाई जाएंगी। किराया सामान्य बसों की तुलना में थोड़ा अधिक होगा, लेकिन यह सुविधाओं के हिसाब से किफायती रहेगा।
हरियाणा गौरव बसों से लिया सबक ः कैथल डिपो के कार्यशाला प्रबंधक अनिल चोपड़ा ने बताया कि 2014 में डिपो में ‘हरियाणा गौरव बसें’ शुरू की गई थीं, लेकिन अत्यधिक मरम्मत खर्च और कम उपयोगिता के चलते वे ज्यादा समय तक नहीं चल सकीं। इस बार विभाग ने कम लागत में ज्यादा सुविधा देने वाली एसी बसें चुनी हैं। फिलहाल इनका बीमा करवाया जा रहा है और जल्द ही ये यात्रियों के लिए उपलब्ध होंगी।