गुर्घटना स्थल पर जुटे लोग और खड़ा ट्रक। संवाद
- फोटो : Jind
अधिकतर सड़क दुर्घटनाएं यातायात नियमों का पालन नहीं करने के कारण होती हैं। सफीदों में मंगलवार सुबह ट्रक से बाइक के टकराने पर हुई चारों युवकों की मौत में यातायात नियमों का पालन न भी करना रहा। शहर में सरेआम भारी वाहन चलते हैं। लेकिन प्रशासन इसको अनदेखा कर रहा है। एक बाइक पर चार युवकों का बैठना और हेलमेट का इस्तेमाल न करना खतरनाक साबित हुआ। इस हादसे में अशोक, शुभम, सुमित व मनीष को अपनी जान गंवानी पड़ी। अगर इन युवकों में से एक ने भी हेलमेट पहना होता तो हो सकता है उसकी जान बच जाती। इस दुर्घटना में चारों की मौत सिर में चोट लगने के कारण हुई है। एएसपी नीतीश अग्रवाल ने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वह सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें की, ताकि उनकी जान बच सके।
सड़क दुर्घटना का सबसे बड़ा कारण बाइक सवार चारों युवकों द्वारा बिना देखे गाड़ी को ओवरटेक करना रहा। जब युवक ट्रक को ओवरटेक कर रहे थे तो बाइक की गति अधिक थी, जिससे सामने से आ रहे ट्रक के अगले हिस्से से उनकी बाइक जा टकराई। बाइक की गति ज्यादा होने और हेलमेट नहीं लगाने की वजह से सिर सड़क पर टकराया जिससे उनकी मौत हो गई।
सफीदों में जब भी माल ढुलाई के लिए स्पेशल मालगाड़ी लगती है तो सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ते ट्रक व जाम की स्थिति नजर आती है। यह तेज रफ्तार ट्रक कई बार बड़ी सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन चुके हैं। जींद रोड व हाट रोड पर स्थित धर्मकांटों के कारण रोड की एक साइड पूरी तरह से बंद हो जाती है। वाहन चालकों को निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इससे पहले भी इस मार्ग पर कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पिछले वर्ष 7 अक्तूबर को हाट रोड पर रेलवे फाटक के पास एक ट्रक चालक ने बाइक सवार कप्तान वशिष्ठ को कुचल दिया था। कप्तान वशिष्ठ सफीदों के जाने माने टाइपिस्ट थे। इससे पूर्व जींद रोड बाईपास पर ट्रक की चपेट में आने से उत्तर प्रदेश के एक पत्रकार की भी मौत हुई थी। दो वर्ष पूर्व कॉलेज के पास ही पुरानी अनाज मंडी के व्यापारी सतीश जैन को ट्रक ने अपनी चपेट में लिया था। इसमें भी बाइक सवार सतीश जैन की मौत हो गई थी।
सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। यदि हम यातायात नियमों का पालन करेंगे तो सड़क दुर्घटनाओं को काफी कम किया जा सकता है। बाइक पर दो से अधिक लोगों का बैठना यातायात नियमों का उल्लंघन है। इसके अलावा बाइक चालक को हेलमेट जरूर लगाना चाहिए। हेलमेट बाइक चालक की सुरक्षा करता है। -वसीम अकरम, एसएसपी, जींद।