सदर थाने के बाहर जहर निगलने के बाद मुकेश को संभालते परिजन।
- फोटो : Jind
सफीदों। जमीन के बंटवारे के विवाद के चलते एक युवक ने सदर थाना के सामने जहर निगल आत्महत्या करने का प्रयास किया। युवक की पहचान उपमंडल के गांव रत्ता खेड़ा निवासी 32 वर्षीय मुकेश के रूप में हुई है। तबीयत बिगड़ने पर युवक को सफीदों के नागरिक अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार 20 अक्तूबर को घर की जमीन के बंटवारे को लेकर मुकेश व उसके भाई राजकुमार के बीच झगड़ा हो गया था। झगड़े में राजकुमार, वह और उसकी मां प्रकाशी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद वीरवार को दोनों पक्षों को सदर थाना में जांच के लिए बुलाया गया। दोनों पक्षों से सदर थाना प्रभारी संजय कुमार के सामने अपनी-अपनी बातें भी रखीं। इसी दौरान थाना के सामने मुकेश ने जहर निगल लिया। उसे तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया। शहर थाना प्रभारी मनोज वर्मा ने कहा कि मुकेश के बयान दर्ज करने के लिए जांच अधिकारी को भेजा गया है। बयान दर्ज होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। वहीं सदर थाना प्रभारी संजय कुमार ने कहा कि उनके पास दोनों भाई में ठीक से गए थे, लेकिन बाहर किसी बात पर फिर विवाद हुआ, उन्हें इसकी जानकारी नहीं। बता दें कि पिछले सात साल से दोनों भाइयों के बीच झगड़ा चल रहा है। पांच साल पहले उनके भाई राममेहर की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।