फोटो 01जेएनडी09-अनिल कुमार का फाइल फोटो
सफीदों। कारखाना-रोजला मार्ग पर ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार कारखाना निवासी 29 वर्षीय अनिल कुमार की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में मृतक के छोटे भाई गौरव ने बताया कि वह 30 अक्तूबर को गांव के सुल्तान के खेत में मजदूरी करने गए थे। इसी दौरान रोजला गांव की तरफ से एक ट्रैक्टर तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहा था। ट्रैक्टर चालक ने कारखाना से रोजला की ओर जा रही बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर उनका बड़ा भाई अनिल कुमार सवार था। टक्कर लगने से अनिल को गंभीर चोटें आईं। उसे नागरिक अस्पताल सफीदों लेकर पहुंचे जहां इलाज के दौरान अनिल ने दम तोड़ दिया। बाद में पता चला कि अनिल गांव के प्रदीप की बाइक लेकर किसी काम से रोजला जा रहा था। परिजनों के अनुसार अनिल की शादी करीब दो साल पहले हुई थी लेकिन कोई संतान नहीं थी। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि मामले में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। संवाद