जाट धर्मशाला में बैठक में मौजूद बेरोजगार युवा व युवतियां।
जींद। प्रदेश में आगामी लोकसभा चुनाव से पहले ग्रुप सी और डी में भर्ती पूरी करने की मांग को लेकर प्रदेशभर के युवा बेरोजगार वीरवार को जाट धर्मशाला में एकजुट हुए। यहां से प्रदर्शन करते हुए डीसी कार्यालय पहुंचे, जहां सीएम के नाम डीसी को ज्ञापन सौंपा।
किसान संगठन और दूसरे जन संगठनों ने भी युवा बेरोजगार को समर्थन दिया और इनके सहयोग को लेकर साथ रहे। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने उनकी मांगों को 26 जनवरी तक पूरा नहीं किया तो वह चुनाव का बहिष्कार करने से पीछे नहीं हटेंगे। इसमें भारतीय किसान यूनियन, किसान छात्र संगठन एकता, जनशक्ति मंच ने प्रदर्शन में शामिल होकर बेरोजगार युवाओं का समर्थन किया। इसमें विकास सिंसर, बिंद्र नंबरदार, सिक्किम श्योकंद, शमशेर ढांडा, सन्नी, परविंद्र, राजेंद्र, प्रवीन बूरा ने मांग की कि सीइटी ग्रुप सी के 32 हजार पदों के अलावा ग्रुप डी के 15 हजार पदों पर लोकसभा चुनावों से पहले भर्ती की जाए।
हरियाणा पुलिस की भर्ती निकाली जाए और इसमें तीन साल तक की छूट दी जाए। ग्रुप सी की भर्ती ग्रुप डी से पहले हो। जिन भर्तियों की परीक्षा हो चुकी है। उनका परिणाम जारी किया जाए। दीपक लाठर ने कहा कि पिछले चार साल से सीईटी के माध्यम से कोई भर्ती नहीं हो पाई है। समय सीमा समाप्त होने के बाद भी अभी तक भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। सरकार ने पहले 31 दिसंबर 2023 तक का समय दिया था, लेकिन जनवरी 2024 आ चुकी है। उनकी मांग है कि 31 जनवरी से पहले इस मामले में संज्ञान लिया जाए। सरकार जल्दी से जल्दी अगली सीईटी ले। प्रदेश में लाखों की संख्या में युवा बेरोजगार हैं। इनको रोजगार देने के लिए सरकार को आगे आने की जरूरत है।