जींद। शहर में सब्जी मंडी के पास होटल में मंगलवार को खटकड़ निवासी 29 वर्षीय नसीब की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक दो दिन से होटल में रुका हुआ था। परिजनों ने युवक के चार दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक के पिता सतबीर की शिकायत पर चार दोस्तों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है।
सतबीर ने पुलिस को बताया कि उनका इकलौता बेटा नसीब उर्फ गुगन 25 अक्तूबर को घर से निकला था। वह अपनी पत्नी सीमा को बाइक से नरवाना बस स्टैंड छोड़ने गया था लेकिन वापस नहीं लौटा।
नसीब घर लौटने के बजाय दोस्त बरसोला निवासी विरेंद्र के पास चला गया और दोनों ने शराब पी। 27 अक्तूबर को सुबह करीब चार बजे नसीब के दोस्त विरेंद्र का उनके पास फोन आया।
उसने बताया कि नसीब जींद स्थित होटल टॉप ओयो में रुका हुआ है और उसकी तबीयत खराब हो गई है। उसने जल्द से जल्द होटल पहुंचने के लिए कहा। सूचना मिलने पर वह परिवार के साथ होटल पहुंचे लेकिन वहां पता चला कि वीरेंद्र नसीब को नागरिक अस्पताल लेकर गया है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी।
दोस्तों के बयान पर परिजनों को शक
पिता के अनुसार, अस्पताल पहुंचने पर वहां विरेंद्र, राहुल, सन्नी और राहुल मौजूद थे। उन्होंने बताया कि नसीब दो दिन से विरेंद्र के साथ होटल में ठहरा था और कमरे में बेड से नीचे गिर गया था, जिसके बाद उसे अस्पताल लाया गया। पिता का आरोप है कि विरेंद्र का उनके घर आना-जाना था और परिवार ने नसीब को उससे दूर रहने की सलाह दी थी। उन्होंने शक जताया कि दोस्तों ने शराब में कोई नशीला या जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाया, जिससे नसीब की मौत हुई।
वर्जन
पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। विरेंद्र, राहुल, सन्नी और राहुल के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-प्रवीण कुमार, प्रभारी, शहर पुलिस थाना जींद