जींद/नरवाना। हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अमनदीप सिंह बेलरखा के नेतृत्व में शुक्रवार को हरी नगर में शक्ति सुपर सी अभियान के माध्यम से करीबन 21 महिलाओं को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। अमनदीप सिंह बेलरखा ने बताया कि युवा कांग्रेस ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए बड़े अभियान शक्ति सुपर सी हक और हिस्सेदारी की शुरुआत की है। शक्ति सुपर सी कार्यक्रम के जरिए हर राज्य में युवा कांग्रेस महिलाओं को सशक्त बनाएगी। उन्होंने बताया शक्ति सुपर शी कार्यक्रम देश की महिला शक्ति के सशक्तीकरण के लिए एक प्रयास है। जब तक भारत की हर महिला अपने आप में सशक्त नहीं हो जाती तब तक भारत मजबूत राष्ट्र नहीं बन सकता है। देश में महिलाओं के प्रति असमानता को दूर करने के लिए युवा कांग्रेस ने शक्ति सुपर शी कार्यक्रम की शुरुआत की है। ताकि देश की हर महिला अपने हक और हिस्सेदारी के लिए किसी पर भी निर्भर ना रहे। कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी ने हमेशा प्रयास किया है ज्यादा से ज्यादा महिलाएं राजनीति में आए। इसी के चलते भारतीय युवा कांग्रेस ने संगठन स्तर पर 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के तहत संगठन में ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को जोड़ने का काम कर रही है। इस अवसर पर कंचन, मिष्ठा, सुनीता, रीटा, ममता, रुपाली मौजूद थी।