जींद। सीआईए स्टाफ ने रामराय निवासी दीपक को अवैध पिस्तौल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। सीआईए स्टाफ की टीम सोमवार शाम को टेंडरी मोड़ के पास गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि रामराय निवासी दीपक अवैध हथियार लेकर ईक्कस से भिवानी रोड बाईपास पर किसी व्यक्ति के इंतजार में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां एक युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे पकड़ कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम रामराय निवासी दीपक बताया। उसकी तलाशी ली तो उसके पास से अवैध पिस्तौल बरामद हुआ जिसमें एक कारतूस लोड मिला। थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद