जींद। पांडु पिंडारा के रेलवे स्टेशन पर युवक पर पांच-छह युवकों ने हमला कर दिया। इसमें उस पर चाकू से वार किया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जीआरपी ने इस मामले में पांच-छह अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पिल्लूखेड़ा गांव निवासी मोनू ने जीआरपी को दी शिकायत में बताया कि वह 20 दिसंबर को साढ़े चार बजे पांडु पिंडारा रेलवे स्टेशन पर खड़ा था। वह अपने दोस्त गांव धड़ौली निवासी रौनक का इंतजार कर रहा था। जैसे ही ट्रेन नंबर 04996 जींद की तरफ से आकर स्टेशन पर रुकी तो ट्रेन से उनका दोस्त रौनक प्लेटफार्म नंबर-1 पर उतरा। उसी समय मुंह को कपड़े से ढंककर 5-6 युवक प्लेटफार्म पर आए और रौनक को घेरकर उस पर हमला कर दिया। जैसे ही वह रौनक की तरफ बढ़ा तो हमलावर खेतों की तरफ भाग गए। उसने रौनक के पास जाकर देखा तो उसके पेट में चाकू घुसा हुआ था। उसने रौनक के पेट से चाकू निकालने का प्रयास किया, मगर वह नहीं निकला। वह तुरंत उसे लेकर नागरिक अस्पताल गया और वारदात के बारे में उसके परिजनों को जानकारी दी। चिकित्सकों ने रौनक की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में पांच-छह अज्ञात युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। -नरेश कुमारी, एएसआई, जीआरपी, जींद।