जींद। उचाना थाना क्षेत्र के करसिंधू गांव में एक 22 वर्षीय युवक ने रविवार रात घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने गांव की ही युवती समेत आठ लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवती ने तीन साल पहले युवक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। अब फिर से धमकी मिल रही थी, इससे वह आहत था।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई विकास ने बताया कि उसके भाई मीनू पर तीन वर्ष पहले गांव की ही एक लड़की ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज करवाया था। अदालत में मामला विचाराधीन होने के बावजूद मीनू को प्रताड़ित किया जा रहा था। कुछ दिन पहले आरोपियों ने मीनू का रास्ता रोककर किसी बड़े मामले में फंसाने की धमकी दी। इससे मीनू मानसिक परेशान था। मीनू ने कई बार चाचा सुभाष, पिता सत्यनारायण को भी बताया। इसके बाद पंचायत भी हुई लेकिन आरोपी हरकतों से बाज नहीं आए। जांच अधिकारी एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर युवती, उसके पिता, दादा समेत आठ लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।