जींद। पिल्लूखेड़ा मंडी के पास एक पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
पिल्लूखेड़ा मंडी निवासी नरेंद्र सिंह ने एफआईआर में बताया कि 20 मार्च को वह अपने बेटे योगेश (19) के साथ बाइक पर गया था। योगेश उसे छोड़कर बाइक पर घर की तरफ जाने लगा तो शाम को पिल्लूखेड़ा मंडी की तरफ से चालक पिकअप को लापरवाही और तेज गति से चलाता हुआ आया और बाइक को टक्कर मार दी। इससे उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी बीच पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
वह योगेश को लेकर नागरिक अस्पताल जींद पहुंचा, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया और अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।