जींद। नागरिक अस्पताल में एक्स-रे मशीन के खराब होने से मरीज परेशान हैं। मंगलवार को दिव्यांग शिविर में जांच के लिए पहुंचे मरीजों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अस्पताल में एक्स-रे सुविधा ठप होने के कारण कई मरीजों को मजबूरी में निजी अस्पतालों में जाकर एक्स-रे करवाने पड़े।
नागरिक अस्पताल में पहले से ही जीर्णोद्धार कार्य के चलते एक एक्स-रे मशीन बंद पड़ी है। ऐसे में मरीजों की जांच केवल एक ही एक्स-रे मशीन के सहारे की जा रही थी। इसी दौरान वह मशीन भी अचानक खराब हो गई जिससे अस्पताल की रेडियोलॉजी सेवाएं पूरी तरह से प्रभावित हो गईं। मशीन खराब होने की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने संबंधित इंजीनियर को बुलाया लेकिन तब तक मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
दिव्यांग शिविर में प्रमाण पत्र बनवाने और स्वास्थ्य जांच के लिए दूर-दराज से आए मरीजों को एक्स-रे जांच अनिवार्य थी। मशीन खराब होने के कारण कई मरीजों को वापस लौटना पड़ा जबकि कुछ मरीजों ने निजी अस्पतालों में एक्स-रे करवाए।
अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। एक्स-रे जैसी बुनियादी जांच सुविधा बाधित होने से हड्डी रोग, दुर्घटना के मरीजों और अन्य गंभीर रोगियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा।
वर्जन
मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण अस्थायी रूप से एक्स-रे सेवा प्रभावित हुई है। इंजीनियर को बुलाकर मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है और जल्द ही एक्स-रे मशीन को दोबारा चालू कर दिया जाएगा। साथ ही जीर्णोद्धार के चलते बंद पड़ी एक्स-रे मशीन को भी जल्द शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि मरीजों को राहत मिल सके।
-डॉ. सुमन कोहली, सीएमओ नागरिक अस्पताल जींद।