01जेएनडी24: कुश्ती में पदक जीतने वाली भाई सुरेंद्र सिंह मलिक स्पोर्ट्स स्कूल की महिला पहलवान। स
जुलाना। क्षेत्र के गांव निडानी स्थित भाई सुरेंद्र सिंह मलिक स्पोर्ट्स स्कूल की महिला पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। महाराष्ट्र में 28 और 29 अप्रैल को आयोजित अंडर-17 नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए।
संस्था के संरक्षक एवं हरियाणा के पूर्व पुलिस महानिदेशक डॉ. महेंद्र सिंह मलिक ने बताया कि चैंपियनशिप में उनकी संस्था की पहलवान तान्या ने 69 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल प्राप्त किया। वहीं, कनक ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
डॉ. मलिक ने कहा कि यह जीत न केवल खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है बल्कि उनके कोचों और अभिभावकों के सहयोग का भी बड़ा योगदान है। उन्होंने दोनों पहलवानों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगी।
इस मौके पर संस्था के कोच जगदीश और कृष्ण को भी विशेष रूप से बधाई दी गई, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने यह मुकाम हासिल किया। कार्यक्रम में संस्था के सचिव रणधीर श्योराण, पूर्व सरपंच दिलीप सिंह, निदेशक सुखबीर पंघाल, प्रवक्ता आनंद लाठर, प्रधानाचार्य ओमवीर जागलान और प्राचार्य पूनम श्योराण मौजूद रहीं।