अंशु मलिक को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित करतीं महामहिम राष्ट्रपति।
- फोटो : Jind
जींद। गांव निडानी निवासी महिला पहलवान अंशु मलिक को बुधवार को राष्ट्रपति द्वारा अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा गया है। उन्हें यह सम्मान कुश्ती के खेल में प्राप्त उपलब्धियों के आधार पर मिला। अंशु मलिक के पिता धर्मवीर ने कहा कि अंशु को यह सम्मान मिलना उनके लिए गौरव की बात है। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी बेटी ने देश में नाम रोशन किया है। गांव पहुंचने पर अंशु मलिक का जोरदार स्वागत किया जाएगा।
राष्ट्रमंडल खेलों के 57 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर देश को तोहफा दिया था। हालांकि वह दो अंक से गोल्ड से चूक गई थीं, लेकिन पहली ही बार में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। पिता धर्मवीर मलिक ने बताया कि उनकी बेटी ने उनका नाम रोशन किया है। उन्हें मलाल है कि उनकी बेटी गोल्ड नहीं ला पाई, लेकिन रजत पदक जीतना बहुत बड़ी बात है। अंशु मलिक ने 13 वर्ष की आयु में ही पहलवानी शुरू कर दी थी। उन्होंने जगदीश श्योराण से कुश्ती के गुर सीखे।
ये पदक जीत चुकीं अंशु मलिक
अंशु मलिक ने 2016 में एशियन सब जूनियर चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल, 2016 में ही विश्व कैडिट चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल, 2017 में विश्व खेल स्कूल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल, 2017 में एशिया कैडिट कुश्ती चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल, 2017 में ही एथेंस में विश्व कैडिट चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता। 2018 में एशियन सब जूनियर चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल, विश्व जूनियर चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल, विश्व सब जूनियर चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल, 2019 में एशियन सब जूनियर चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल, 2020 में विश्व रैंकिंग कुश्ती चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल, सीनियर एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।