संवाद न्यूज एजेंसी
उचाना। इंसान को समय का पाबंद होना चाहिए। जो व्यक्ति समय को बर्बाद करते हैं उनका जीवन कभी भी आबाद नहीं हो सकता। समय की पूजा करो, वह तुम्हे पूज्य बना देगा। ये बातें साध्वी लब्धि प्रभा ने शुक्रवार को तेरापंथ भवन में प्रवचन करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि घड़ी आदमी को घड़ी-घड़ी चेताती है कि जिंदगी घड़ी दो घड़ी से ज्यादा नहीं है। ऐसे में शांत चित्त होकर प्रभु का स्मरण करना चाहिए वरना हाथ की घड़ी हाथ में बंधी रह जाएगी और जीवन की घड़ी बंद हो जाएगी। समय कभी बूढ़ा नहीं होता। समय बहुमूल्य है, इसे व्यर्थ मत गवाएं। जो समय एक बार हाथ से निकल जाता है। वह दोबारा लौट कर नहीं आता। कहा कि किसी ने पूछा कि समय का मूल्य क्या है। समय बहुमूल्य है, अमूल्य है, समय तो जीवन है। समय को बर्बाद करना। तिल-तिल करके मरने जैसा है। समय-समय है किसी के बाप का नौकर नहीं। समय न तो किसी का इंतजार करता है न ही किसी से इकरार करता है। समय कभी पीछे मुड़ कर भी नहीं देखता है कि अभी 12 बजे थे अब 1 बज गया। कहा कि अभिमान किसी को ऊपर नहीं उठने देता। स्वाभिमान किसी को नीचे नहीं झुकने देता। जरूरतों को पूरा किया जा सकता है, लेकिन लालच को नहीं।