गन्नौर। दीपावली से पहले बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने का काम शुरू कर दिया गया है। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) की ओर से औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों पर लगी लाइटों की जांच कर उनकी मरम्मत कराई जा रही है। लंबे समय से कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें खराब होने के कारण शाम होते ही सड़कों पर अंधेरा छा जाता था। इससे यहां काम करने वाले कर्मचारियों, उद्यमियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
विशेषकर रात के समय फैक्टरियों से ड्यूटी पूरी कर घर लौटने वाले कर्मचारियों को अंधेरे में आवागमन करना पड़ता था। स्ट्रीट लाइटें बंद होने से वाहन चालकों को भी रास्ता देखने में दिक्कत होती थी। दीपावली के मद्देनजर विभाग ने अब इन लाइटों को दुरुस्त कराने की प्रक्रिया शुरू की है। एचएसआईआईडीसी बड़ी के कनिष्ठ अभियंता अजीत कुंडू ने बताया कि त्योहार को देखते हुए खराब स्ट्रीट लाइटों की जांच कराई जा रही है। जहां मरम्मत की जरूरत है, वहां आवश्यक कार्य करवाया जा रहा है। प्रयास है कि दीपावली से पहले सभी चिह्नित स्थानों पर लाइटें ठीक कर दी जाएं, ताकि औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों पर रात के समय पर्याप्त रोशनी रहे और कर्मचारियों व वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो।