जींद। कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के आह्वान पर सरकारी विभागों में कार्यरत कंप्यूटर प्रोफेशनल मंगलवार को भी दूसरे दिन हड़ताल पर रहे। तहसील कार्यालय में भी रजिस्ट्री से संबंधित कार्य नहीं होने पर दूसरे दिन भी लोगों को भटकते देखा गया। दो दिन में ही 150 से अधिक रजिस्ट्रियां व अन्य जमीन-खरीद फरोख्त के कार्य रूक गए हैं। दिनभर में जिला मुख्यालय पर सैंकडों की संख्या में लोग अपने कामों को लेकर आते हैं। सबसे ज्यादा भीड़ सरल केंद्र पर रहती है। हड़ताल के चलते सरल केंद्र में सभी कार्य ठप हो गए हैं। यदि हड़ताल कई दिनों तक चली तो इससे आमजन को बहुत ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
अपनी मांगों को लेकर डीआईटीएस के तहत आने वाले कंप्यूटर प्रोफेशनल्ज दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। इस दौरान ई-दिशा केंद्र पर कोई काम नहीं हुआ। लोग ई-दिशा केंद्र पर आए तो लेकिन ई-दिशा केंद्र में कोई काम नहीं हुआ। ई-दिशा केंद्र में न ही आरसी व ड्राइविंग लाइसेंस के फार्म भरे जा सके और न ही मकानों व दुकानों की रजिस्टरी हो पाई। इसके अलावा आधार अपडेशन का कार्य भी प्रभावित हुआ। सरकार द्वारा कई योजनाओं को ऑनलाइन किया गया है। इसके चलते योजनाओं का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होता है। हड़ताल के चलते आवेदन तक नही हो पाए। सरकारी योजनाओं की फीस भी जमा नहीं हो सकी।
बॉक्स
मांगों को लेकर हो रही बातचीत
संघ के जिला प्रधान सुनील मेहरा, महामंत्री नितिन खर्ब ने कहा कि उनकी मांग जिला आईटी सोसायटी (डीआईटीएस) का केंद्रीयकरण करते हुए बजट का प्रावधान किया जाए। सभी कार्यरत्त कर्मचारियों के पद सृजित किए जाएं। एचकेआरएनएल में भेजे गए सभी कर्मचारियों को वापस डीआईटीएस में किया जाए। 58 वर्ष तक सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए। डीआईटीएस में कार्यरत कर्मचारियों को पद में अनुभव और योग्यता अनुसार समान काम समान वेतन दिया जाए। सरकार रेग्युलाईजेशन की पॉलिसी बनाती है तो डीआईटीएस को भी शामिल किया जाए। डीआईटीएस में कार्यरत कर्मचारियों को ग्रेच्युटी अधिनियम के तहत लाभ प्रदान किया जाए। डीआईटीएस में कार्यरत कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ प्रदान किया जाए। डीआईटीएस में कार्यरत कर्मचारियों को वार्षिक वेतन वृद्धि और डीए का लाभ दिया जाए। लगातार चार वर्षों से उन्हें मांगों को लेकर आश्वासन ही दिया जा रहा है लेकिन मांगों को पूरा नही किया जा रहा है।
बॉक्स
कंप्यूटर प्रोफेशनल की हड़ताल के चलते रजिस्ट्री, फर्द व जमीन की खरीद-फरोख्त से संबंधित कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कंप्यूटर प्रोफेशनल वापस काम पर लौटेंगे तो पहले की तरह सभी कार्य सुचारू रूप से शुरू हो पाएंगे। उच्च अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना की जाएगी।
रविंद्र हुड्डा, तहसीलदार