24जेएनडी25-शहर में लाइटों को ठीक करते हुए नगर परिषद के कर्मचारी। स्रोत दुकानदार
नरवाना। शहर में लंबे समय से खराब पड़ी चौक-चौराहों की लाइटों को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद नगर परिषद ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। शहर के पुराना बस स्टैंड, विश्वकर्मा चौक, टैक्सी स्टैंड, विश्वकर्मा मंदिर के सामने और हुडा ग्राउंड में लगी पुरानी लाइटों को बदल कर 180 वाट एलईडी फ्लड लाइट लगाई जा रही हैं।
इन स्थानों पर कई दिनों से लाइटें खराब पड़ी थीं जिससे शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता था और राहगीरों व वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों ने भी कई बार इसकी शिकायत नगर परिषद कार्यालय में दी थी।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए परिषद ने तकनीकी टीम को मौके पर भेजकर खराब लाइटों को दुरुस्त करवाना शुरू कर दिया है। शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर लगी स्ट्रीट व फ्लड लाइटों की चरणबद्ध तरीके से जांच की जा रही है। जहां भी लाइटें खराब मिलीं उन्हें तुरंत ठीक कराया जा रहा है ताकि आमजन को बेहतर रोशनी मिल सके और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो।
शहरवासियों में घनश्याम, विकास, विजय, राममेहर ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी नियमित रूप से लाइटों की जांच और रखरखाव किया जाता रहेगा जिससे शहर में अंधेरे की समस्या दोबारा न हो।
वर्जन
शहर में काफी समय से लाइट बंद थी जिससे लोगों और दुकानदारों को अंधेरे की वजह से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब सभी लाइटों को ठीक करवाया जा रहा है। जल्द ही सभी लाइटें ठीक करवा दी जाएगी।
–रविंद्र, जेई, नगर परिषद नरवाना