14जेएनडी38 : गांव में हंगामा करते हुए लोग। संवाद
सफीदों। गांव हाट में शुक्रवार शाम को उस समय गहमागहमी बढ़ गई, जब शराब ठेकेदार गांव हरिगढ़ मोड़ के पास ठेका स्थापित करने लगे। गांव की महिलाओं ने यहां जमकर हंगामा किया। विरोध करते हुए महिलाओं ने नए ठेके से शराब की पेटियों को बाहर फेंक दिया। देखते ही देखते काफी तादाद में ग्रामीण एकत्रित हो गए। मामले की सूचना डायल 112 पुलिस व शराब ठेकेदारों को दी गई। करीब आधा घंटे के बाद मौके पर शराब ठेकेदार पहुंचे और अपनी शराब की पेटियों को वापस उठाकर चले गए।
गांव की महिलाओं के आरोप थे कि इससे पहले गांव में शराब का ठेका रामनगर मोड पर था और अब उसे हरिगढ़ मोड़ पर स्थापित किया जा रहा है। जहां पर यह ठेका बनाया जा रहा है, वहां से मात्र कुछ ही दूरी पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय है। इस स्कूल में काफी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई करने के लिए आते हैं। इस ठेके के यहां पर स्थापित होने से स्कूली बच्चों पर दुष्प्रभाव पड़ेगा। महिलाओं का कहना था कि स्कूल के पास किसी भी सूरत में ठेका स्थापित नहीं होने दिया जाएगा। महिलाओं के विरोध के बाद शराब ठेकदार मौके पर पहुंचे और बाहर फेंकी गई शराब की पेटियों को उठाकर चले गए। उसके उपरांत मामला शांत हुआ।