गांव धड़ौली में शुक्रवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला है। घटना की सूचना पाकर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस तथा एसएफएल की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्यों को जुटाया।
मृतका के मायका पक्ष के लोगों ने पति, बेटे व पुत्रवधू पर योजनाबद्घ तरीके से हत्या करके शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका की भाभी की शिकायत पर एक महिला सहित तीन लोगों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। गांव धड़ौली निवासी रामसिंह की पत्नी राधा (50 वर्ष) शुक्रवार देर रात को घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। राधा के फांसी लगाने की सूचना पाकर उसके मायका पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और इसकी सूचना पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस को दी।
मायका पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि राधा ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसकी हत्या करके शव को फांसी पर लटकाया गया है। गांव गतौली निवासी मृतका की भाभी अनीता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग राधा को अक्सर परेशान रखते थे और उसके साथ मारपीट की जाती थी। अब राधा की हत्या कर दी गई है और आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटाया गया है।
पुलिस अनीता की शिकायत पर पति रामसिंह, बेटे संदीप व संदीप की पत्नी निर्मला पर हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल जींद में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।