संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। शहर की डिफेंस कालोनी की 24 साल की महिला ने शनिवार शाम को जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। मायका पक्ष के लोगों ने ससुरालजनों से परेशान होकर आत्महत्या करने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान मृतका के मायका पक्ष और ससुराल पक्ष के लोग नागरिक अस्पताल पहुंच गए, जहां दोनों के बीच कहासुनी हो गई। पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद डीएसपी रोहताश ढुल भी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत करवाया। शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाए जाने तक पुलिस बल नागरिक अस्पताल में मौजूद रहा। पुलिस ने मृतका के पिता और करनाल जिला के गांव मुनक निवासी सुरेश कुमार की शिकायत पर पति रवि कुमार, सास नीलम, ससुर जोगेंद्र, देवर राकेश, देवरानी निकी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मृतका के ससुर को पकड़ा तो पुलिस से उलझ गए
पोस्टमार्टम के बाद दोनों पक्षों के लोग नागरिक अस्पताल पहुंचे हुए थे, जिसमें आरोपी ससुर जोगेंद्र भी था। पुलिसकर्मियों ने जोगेंद्र को पकड़ लिया। जिस पर जोगेंद्र पक्ष के लोग पुलिसकर्मियों से उलझ गए। उसको लेकर मृतका के मायका पक्ष तथा ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए। इसी बीच भीड़ का फायदा उठा कर जोगेंद्र वहां से खिसक गया। हालातों के तनावपूर्ण होने की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी डा. सुनील कुमार भी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच गए थे।
मायका पक्ष ने ससुरालजनों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का लगाया आरोप
मृतका के पिता सुरेश कुमार ने बताया कि उसकी बेटी अंकिता की शादी डिफेंस कालोनी निवासी रवि के साथ 19 फरवरी 2022 को हुई थी। शादी के बाद से ही ससुरालवाले उसकी बेटी को दहेज के लिए परेशान करते थे। उसके साथ मारपीट की जाती थी। उसकी बेटी ने उसे कई बार फोन करके इसकी जानकारी दी थी। उसने ससुराल जाकर उसके पति और अन्य लोगों को भी समझाया था, लेकिन उसकी ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे परेशान करना जारी रखा। इससे परेशान होकर उसकी बेटी ने शनिवार को जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
पुलिस ने ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। रविवार को भी पुलिस ने आरोपियों के घर छापा मारा था, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। पुलिस जल्द ही आरोपियों को काबू कर लेगी।
डॉ. सुनील कुमार, प्रभारी, सिविल लाइन थाना, जींद।