जुलाना। लजवाना कलां गांव के पूर्व सरपंच रामफल के साथ पंचायती जमीन की निशानदेही करवाते समय पिस्तौल दिखाकर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने पर जुलाना थाना पुलिस ने चार लोगों को नामजद कर 18-20 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर किया है। पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में पूर्व सरपंच रामफल ने बताया कि शनिवार को गांव में पंचायती जमीन की निशानदेही करवाई जा रही थी। गांव के ही रामसिंह, उसके लड़के अमित व संदीप तथा बागनवाला निवासी संजय के साथ आए 18-20 लोगों ने पिस्तौल दिखाकर उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उस पर लाठियों एवं डंडों से उस पर हमला कर जान से मारने की धमकी दी। इस हमले में वह घायल हो गया। रामफल की शिकायत पर पुलिस ने रामसिंह, अमित, संदीप व संजय व 18-20 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। रविवार को पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए रोहतक के वार्ड नंबर तीन निवासी प्रवीन, सुनील, रोहतक के पुरानी सब्जी मंडी निवासी तानूज, कच्ची गढ़ी मोहल्ला निवासी मनोज, बड़ौदा निवासी जतिन, भरत व मोहन, रिढ़ाना निवासी नवीन, सिंघपुरा कलां निवासी राहुल, नितू, सोनीपत निवासी संदीप, रोहतक की जसबीर कॉलोनी निवासी मुकेश, रोहतक निवासी नरेश, बागनवाला निवासी शमशेर को गिरफ्तार कर लिया। जुलाना थाना प्रभारी समरदीप ने बताया कि जमीन को लेकर दो गुटों में झगड़ा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया है।