फोटो 4 नरवाना। सीआईए पुलिस की गिरफ्त में नशा तस्कर महिला आरोपी। स्रोत पुलिस।
नरवाना। सीआईए स्टाफ की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आरोपी कुंडू नगर निवासी गीता उर्फ सुनीता को 250 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि उप निरीक्षक अवतार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम नरवाना नागरिक अस्पताल के पास मौजूद थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि कुंडू नगर निवासी गीता उर्फ सुनीता अफीम की तस्करी करती है और गुरथली रोड के पास अफीम की सप्लाई करने की फिराक में खड़ी है।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गुरथली रोड पर दबिश दी और महिला को मौके से पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 250 ग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है कि वह अफीम कहां से लेकर आई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही पुलिस उसके संभावित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।