15जेएनडी07: शहर के गोहाना रोड पर मच्छरदानी बेचते हुए दुकानदार। संवाद
जींद। गर्मी शुरू होते ही शहर में मच्छर पनपने लगे हैं। शाम होते ही कॉलोनियों और बाजारों में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने लगता है। इससे बचने के लिए अब शहर में मच्छरदानियों की बिक्री भी तेज हो गई है।
शहर के बाजारों में मच्छरदानी बेचने वाले दुकानदारों का कहना है कि कुछ दिनों से मांग लगातार बढ़ रही है। खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों वाले परिवार मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी प्राथमिकता दे रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार अलग-अलग आकार और डिजाइन की मच्छरदानियां उपलब्ध हैं जिनकी कीमत 350 रुपये से लेकर 550 रुपये तक है।
शहरवासी खुशी का कहना है कि गर्मी में मच्छरों के कारण डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में लोग अब पहले से ही सतर्क होकर बचाव के उपाय अपना रहे हैं। कई परिवारों ने घरों के दरवाजों और खिड़कियों पर जाली लगवाने के साथ-साथ मच्छरदानी का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।
मच्छरों से बचाव के लिए साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। घरों और इसके आसपास कहीं भी पानी जमा नहीं होने देना चाहिए क्योंकि जमा पानी में मच्छर तेजी से पनपते हैं। इसके अलावा रात में मच्छरदानी का उपयोग करना भी सुरक्षित उपाय है।-डॉ. राजेश भोला, डिप्टी एमएस