फोटो 27जेएनडी23-इंद्र देवता को प्रसन्न करने के लिए नई अनाज मंडी में हवन करते हुए आढ़ती और अन्य।
जींद। नई अनाज मंडी में सोमवार को द न्यू फूडग्रेन डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में इंद्र देवता को प्रसन्न करने के लिए हवन-यज्ञ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। हवन के यजमान संदीप मोर, प्रदीप गर्ग और जगदीश भारद्वाज परिवार सहित शामिल हुए। कार्यक्रम में आढ़ती वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी आहुति देकर समय पर मानसून आने की प्रार्थना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित हवन में आढ़तियों, किसानों, मुनीमों और व्यापारियों ने क्षेत्र में अच्छी वर्षा तथा किसानों की समृद्धि की कामना की। प्रवक्ता संदीप मोर ने कहा कि धान सहित खरीफ फसलों के लिए समय पर बारिश बेहद जरूरी है। पर्याप्त वर्षा नहीं होने से किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। कई स्थानों पर धान की रोपाई प्रभावित हुई है, जबकि रोपी गई फसल भी भीषण गर्मी के कारण खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि किसान और आढ़ती एक-दूसरे के पूरक हैं और अच्छी फसल से ही मंडियों का कारोबार चलता है। हवन की पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सोनू भारद्वाज, प्रदीप शर्मा, अमित गर्ग, जगदीप मान, वीरेंद्र मोर, जसबीर बूरा, धर्मबीर रेढू मौजूद रहे।