15जेएनडी42-जुलाना में मंडी के गेट के बाहर ताला जड़ते आढ़ती। संवाद
जुलाना। कस्बे की अनाजमंडी में गेहूं की उठान नहीं होने के कारण आढ़तियों ने मंडी के गेट पर ताला जड़ दिया। आढ़तियों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष प्रकट किया। वीरवार को आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान पवन कुमार के नेतृत्व में आढ़ती एकत्रित हुए।
आढ़तियों ने मंडी के चारों गेट पर ताला जड़ दिया और मार्केट कमेटी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। आढ़तियों की मांग है कि उठान के काम में तेजी लाई जाए। बार बार गुहार लगाने पर उठान में तेजी नहीं लाई जा रही है।
आढ़तियों ने कहा कि मंडी में अब तक 10 लाख 645 क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है और 54 हजार 498 क्विंटल गेहूं की उठान नहीं हुई है। इससे किसानों को राशि का भुगतान नहीं हो पाया है।
अनाजमंडी में आढ़तियों ने मंडी के चारों गेटों पर एक बजे ताला लगाया था। आढ़तियों द्वारा ताला लगाने की सूचना पाकर जुलाना के एसडीएम होशियार सिंह मौके पर पहुंचे और आढ़तियों को उठान के काम में तेजी लाने का आश्वासन दिया तो आढ़तियों ने चार बजे मंडी के गेटों का ताला खोल दिया।