जींद। शहर थाना पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल छह आरोपियों को काबू किया है। हरिद्वार घूमने के लिए पैसे न होने पर आरोपियों ने पिछले दो महीने में शहर में कई स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों की पहचान किशनपुरा निवासी कु णाल उर्फ जुल्मी, बुढा बाबा बस्ती निवासी बीरू, सुभाष नगर निवासी तरसेम उर्फ जोगी व समीर उर्फ झंडू, गुप्ता काॅलोनी निवासी नवीन उर्फ गोली व अजमेर बस्ती निवासी सागर के रूप में हुई है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज ऋ षिपाल ने बताया कि अजमेर बस्ती निवासी प्रियंका ने उसके घर में चोरी होने की शिकायत शहर थाना पुलिस को दी थी। इस मामले की जांच डिटेक्टिव स्टाफ को सौंपी गई थी। सूचना के आधार पर एएसआई राजेश कुमार ने चोरी में शामिल छह आरोपियों को काबू किया है। इन्हे अदालत में पेश करके एक दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस अन्य चोरी की वारदातों के बारे में भी पूछताछ करेगी। फिलहाल आरोपियों ने चोरी के तीन मामलों का खुलासा किया है। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि सभी ने योजना बनाई थी कि हरिद्वार घूमने चलते हैं, लेकिन किसी के पास भी पैसे नहीं थे। इस पर उन्होंने घरों में चोरी की साजिश रची। 15 जून की रात को अजमेर बस्ती के एक मकान की छत से मकान के अंदर प्रवेश अलमारी को तोड़कर गहने चोरी कर लिए। इसके अलावा एक माह पहले खेम नगर हनुमान जयंती देवी मंदिर में चोरी की, इसके कुछ दिन बाद ही रोहतक रोड पर दर्शन साइकिल वाली गली में एक मकान में चोरी की थी। पुलिस आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में रिमांड के दौरान पूछताछ करेगी।