नरवाना। नरवाना की लोहचब पत्ती निवासी एक बुजुर्ग का उसके दो बेटों व पुत्रवधूओं ने सामान बेच दिया। बुजुर्ग में अपने बेटों पर मारपीट व चोरी का आरोप लगाते हुए शहर थाना पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने बुजुर्ग के बेटे नरेंद्र, देवेंद्र, पुत्रवधू मनीषा, शीला व पौत्र कार्तिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शहर थाना प्रभारी रामनिवास ने बताया कि लोहचब पत्ती निवासी मेहरचंद ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसके बेटे व पुत्रवधू उसकी देखभाल नहीं करते हैं। यह सभी उसकी संपत्ति हड़पना चाहते हैं।
मेहरचंद ने कहा कि वह कुछ दिन पहले एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। उसने अपना इलाज हांसी के एक निजी अस्पताल में करवाया था। जब वह चार दिन पहले अस्पताल से घर आया तो उसके बेटों ने उससे कोई बातचीत नहीं की। जब उसने अपना सामान जांचा तो उसके 11 क्विंटल गेहूं, गेहूं भरने की टंकी, गेहूं की बिजाई करने की मशीन, ट्रैक्टर की हैरो, कल्टीवेटर, इनवर्टर, बैटरी, कूलर व अन्य घरेलू सामान गायब मिला। इस बात को लेकर उसके बेटों से उसकी कहासुनी हो गई। इसमें मारपीट भी हुई। मेहरचंद ने आरोप लगाया कि उसके बेटे संपत्ति नाम करवाने के लिए उसको लगातार धमकी दे रहे हैं। रामनिवास ने कहा कि पुलिस ने पांचों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।