जींद। युवक ने दो वर्ष पुराने उधार लिए रुपये मांगे तो कार में अपहरण कर उसे बंधक बनाकर पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। शहर थाना पुलिस ने इस मामले में ज्ञानी, शैंकी और चीनू के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
रोहतक रोड स्थित सुभाष नगर निवासी सोनू ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने ज्ञानी नामक व्यक्ति को दो साल पहले दो हजार रुपये उधार दिए थे, लेकिन उसने राशि वापस नहीं लौटाई। नौ नवंबर रात को वह फव्वारा चौक पर सब्जी ले रहा था। तभी उसे ज्ञानी मिला। उसने ज्ञानी से उधार के रुपये मांगे तो उसने 500 रुपये दे दिए। उसके कुछ ही देर बाद ज्ञानी वापस आया और उसके साथ गालीगलौज करने लगा। फिर वहां शैंकी और चीनू भी आ गए। उन्होंने उसे कार में डाल दिया और बंधक बनाकर उसे टैक्सी स्टैंड ले गए। वहां पर उसके साथ उन्होंने मारपीट की। हमलावरों ने उसको धमकी दी कि यदि इस बारे किसी को बताया कि उसे जान से मार देंगे। जांच अधिकारी एएसआई रणधीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में ज्ञानी, चीनू और शैंकी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।