नरवाना। प्रदेश सरकार के नए नियमों के विरोध में आढ़तियों का शनिवार रात 12 बजे से मंडी बंद रखने के ऐलान का असर रविवार को साफ देखने को मिला। नई मेला अनाज मंडी में पहले ही दिन गेहूं की आवक प्रभावित रही।
रविवार सुबह से ओर दिनों के बजाय किसान गेहूं लेकर मंडी पहुंच तो रहे थे लेकिन संख्या कम थी, क्योंकि आढ़तियों ने पहले किसानों को फसल मंडी में न लाने बारे कहा था। इसके बावजूद जो किसान अपनी गेहूं की फसल लेकर मंडी पहुंच रहे थे और गेट पास भी कटवाए थे लेकिन आढ़तियों ने किसी भी किसान की फसल को मंडी में नहीं उतरने दिया।
इसके चलते मंडी में गेहूं से भरी ट्रॉलियों के साथ पहुंचे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई किसान अपनी फसल वापस ले जाने को मजबूर हुए लेकिन कुछ किसानों ने अपनी ट्रॉलियां मंडी परिसर में ही टिन शेड के नीचे खड़ी कर दीं। किसानों ने शेड के नीचे ट्रॉलियां खड़ी कर इंतजार करना ही बेहतर समझा।
शनिवार रात करीब 10:30 बजे मौसम ने भी करवट ली। तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि और बारिश हुई। इसमें नरवाना क्षेत्र में खासतौर पर अधिक ओले गिरे। यदि गेहूं को ढका न गया होता तो ओलावृष्टि और बारिश के कारण भारी नुकसान होने की आशंका थी। दा फूड ग्रेन अनाज मंडी एसोसिएशन के बैनर तले प्रधान जयदेव बंसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंडी बंद रखने का निर्णय लिया गया था।
जिले की सभी मंडियां बंद रहेंगी तब तक नरवाना मंडी में भी गेहूं की खरीद नहीं होगी। आढ़तियों का कहना है कि सरकार के नए नियम व्यावहारिक नहीं हैं और इन्हें लागू करना मुश्किल है। अब सभी की नजर प्रशासन और सरकार पर टिकी है कि इस गतिरोध का समाधान कब तक निकलता है, ताकि किसानों की फसल की खरीद जल्द शुरू हो सके।
इंसेट
नरवाना मंडी में 365 गेट पास और 26243 क्विंटल गेहूं की आवक
नरवाना। नरवाना मंडी में 365 गेट पास और 26243 क्विंटल गेहूं की आवक हुई। वहीं सब यार्डों में धमतान साहिब की बात करें तो 19 गेट पास और 1210 क्विंटल गेहूं, गढ़ी में पांच गेट पास 325 क्विंटल गेहूं, धनौरी में 12 गेट पास तो 814 क्विंटल गेहूं, दनौदा कलां में दो गेट पास और 87 क्विंटल गेहूं व मंगलपुर में 16 गेट पास और 955 क्विंटल गेहूं की आवक हुई है। यदि बात की जाए कुल गेट पास की तो नरवाना की मंडियां और सब यार्डों को लेकर तो 419 गेट पास अब तक कट चुके हैं वहीं 29634 क्विंटल गेहूं मंडियों में पहुंच चुकी है।
वर्जन
मंडी में किसान के गेट पास से लेकर मंडी में गेहूं डालने तक की प्रक्रिया सामान्य रूप से चल रही है। यदि मंडी में गेहूं डालने को लेकर दिक्कत आ रही है तो किसान मार्केट कमेटी की सचिव के पास शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। किसी भी किसान को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।-जगदीश चंद्र, एसडीम नरवाना।
05जेएनडी27: मंडी में बने शेड के नीचे किसानों ने खड़ी की गेहूं की ट्रालियां। संवाद।
05जेएनडी27: मंडी में बने शेड के नीचे किसानों ने खड़ी की गेहूं की ट्रालियां। संवाद।