11जेएनडी04: खेल नर्सरी सफीदों में पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ कोच गुलशन। संवाद
जींद। राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शुरू हुई वेटलिफ्टिंग खेल नर्सरी से सफीदों के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिला है। महज एक साल में नर्सरी के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की है।
वहीं, खिलाड़ी एकता स्वराज का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। फिलहाल नर्सरी में 35 खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं और वेटलिफ्टिंग में अपनी पहचान बनाने के लिए मेहनत कर रहे हैं।
कोच गुलशन स्वयं कॉमनवेल्थ प्रतियोगिता में पावर वेटलिफ्टिंग के स्वर्ण पदक विजेता हैं। गुलशन अपने अनुभव से खिलाड़ियों को तैयार कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में एक साल के भीतर राज्य स्तर पर पदक हासिल करना नर्सरी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
एक साल में मिली इन उपलब्धियों ने सफीदों में वेटलिफ्टिंग के प्रति नई उम्मीद जगाई है। खेल नर्सरी के माध्यम से अब ऐसे खिलाड़ी तैयार हो रहे हैं, जो भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।