जुलाना। इनेलो की महासचिव सुनैना चौटाला ने रविवार को जैजैवंती गांव में ट्यूबवेल का शुभारंभ किया। पिछले दिनों परिवर्तन यात्रा के दौरान अभय सिंह चौटाला भी इस गांव में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जो काम सरकार नहीं कर पाई वह हमने कर दिखाया।
उस दौरान ग्रामीणों ने उनके सामने पेयजल किल्लत की बात रखी थी। अभय सिंह चौटाला ने ग्रामीणों को समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया था। ग्रामीणों की अब पेयजल समस्या दूर हो गई है। जनस्वास्थ्य विभाग ने यहां एक ट्यूबवेल लगाकर लोगों को पानी मुहैया करवा दिया। सुनैना चौटाला ने इस ट्यूबवेल का शुभारंभ किया। इस दौरान सुनैना चौटाला ने कहा कि मौजूदा सरकार ने प्रदेश में विकास के नाम पर हमेशा लूट की है। आने वाला समय चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलने वाली पार्टी इनेलो का होगा। ग्रामीणों ने बताया कि अधिकारियों व विधायक से मिलने के बाद भी पेयजल समस्या दूर नहीं हो पाई थी। पिछले दिनों के अभय सिंह चौटाला पदयात्रा के दौरान गांव आए तो उन्हें यह समस्या बताई गई। उन्होंने तुरंत अधिकारियों को फोन मिलाकर समस्या का समाधान करने की बात कही थी। इसके बाद अधिकारियों ने गांव में पीने के पानी की व्यवस्था के लिए एक ट्यूबवेल लगाया है। इस मौके पर सतीश नैन, सरपंच एसोसिएशन की खंड प्रधान शिक्षा देवी, कुलदीप मलिक, तकदीर गोयत, सविंद्र भी मौजूद रहे।